हल्की सी बारिश में ही भीषण तालाब बन जाने वाले हाईवे के आगरा रोड की ज्वलंत समस्या का जल्द ही स्थायी समाधान होगा। बुधवार को डीपीआरओ के नेतृत्व में एक संयुक्त टीम ने निरीक्षण कर समस्या के समाधान की संभावनाओं को तलाशा। तय हुआ कि सड़क किनारे नाला खोदकर पानी को तालाब में अथवा सोख्ता गड्ढों में डाला जाए। इसके लिए लेखपाल के जरिए जमीन का चिह्नांकन शुरू करा दिया गया है।
डीपीआरओ धनंजय जायसवाल ने बताया कि आगरा रोड पर रूसा हॉस्पिटल और इंद्र कमल गेस्ट हाउस के सामने हल्की सी बारिश में भीषण जलभराव से लोगों का निकलना मुश्किल हो जाता है। आगरा हाईवे का निर्माण सात वर्ष पहले हुआ था, लेकिन नाली का निर्माण नहीं कराया गया। समस्या समाधान के लिए एनएचआई अफसरों के साथ संयुक्त टीम ने जलभराव की समस्या का समाधान खोजा। पिछले दिनों इस समस्या के समाधान की मांग को लेकर शेखर सर्राफ मेमोरियल हॉस्पिटल के प्रबंध निदेशक सुमित सर्राफ आदि सीडीओ से मिले थे। सीडीओ अंकित खंडेलवाल ने बताया कि समस्या के स्थायी समाधान के लिए नेशनल हाईवे, नगर निगम और संबंधित विभागों के अधिकारियों की एक टीम मौके पर भेजी गई थी। इस मौके पर माहेश्वरी क्रिएटिव क्लब के संरक्षक संजय माहेश्वरी मौजूद रहे।