उत्तर प्रदेश सरकार स्वच्छता मिशन की तरह ही जल संरक्षण को भी जन आंदोलन बनाने की बड़ी तैयारी में जुट गई है। 10 जनपदों में इसके लिए खास काम चल रहा है। उधर नमामि गंगे अभियान से जल संरक्षण को भी जोड़ा गया है। अटल भूजल योजना एवं अन्य योजनाओं के जरिए 65 जिलों में भी योजना लागू करने की तैयारी है। इसके लिए हर जिले के भूजल स्तर का अध्ययन किया जाएगा। प्रत्येक ब्लॉक में पीजोमीटर का निर्माण होगा। ये पीजोमीटर डिजिटल वाटर लेवल रिकॉर्डर से लैस होंगे, जिनसे टेलीमेट्री के माध्यम से रीयल टाइम ग्राउंड वाटर लेवल प्राप्त होगा। पीजोमीटर के नेटवर्क से बीते 5 वर्षों के भूजल स्तर का आकलन होगा। फिलहाल झांसी, ललितपुर, बांदा, हमीरपुर, चित्रकूट, महोबा, मुजफ्फरनगर, बागपत, शामली व मेरठ के 26 ब्लॉकों में अटल भूजल योजना लागू है। इसके लिए जनसहभागिता अभियान भी चल रहा है।
सभी को ध्यान देना होगा
जल संचय पर सभी को ध्यान देना होगा। सबमर्सिबल लगाने बंद करने होंगे। इसके लिए सरकार अभियान चला रही है। अलीगढ़ में सबसे ज्यादा जल निकासी इसलिए हो रही है कि जनता भी कम ध्यान दे रही है। आने वाले समय में इससे संकट होगा। सरकार ने इसके लिए योजना बनाई है जिस पर काम किया जा रहा है - वीके उपाध्याय, निदेशक भूगर्भ जल विभाग