14 जून की दोपहर करीब साढ़े 12 बजे बाइक सवार बदमाश तालानगरी बिजली घर के निकट से एक युवक का मोबाइल छीनकर भाग निकले। शोर सुनकर राहगीरों ने घेराबंदी करते हुए एक बदमाश को दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया। उससे पूछताछ के बाद देर शाम तक पुलिस ने छिनैती करने वाले दो और आरोपियों को भी पकड़ लिया था, जबकि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश भी तेज कर दी थी।
क्वार्सी थाना क्षेत्र के गांव बरहेती निवासी वीरपाल पुत्र लालाराम 14 जून को गांव के ही रवि व गोविंद के हरदुआगंज से परचून का सामान लेकर ई रिक्शा से गांव लौट रहे थे। तालानगरी बिजली घर के निकट पीछे से आए बिना नंबर की बाइक सवार दो बदमाश वीरपाल के हाथ से मोबाइल छीनकर अलीगढ़ शहर की ओर भाग निकले।
वह शोर मचाते हुए ई रिक्शा से पीछा किया। इस पर किढारा चौराहे पर मौजूद लोगों ने बदमाशों को पकड़ना चाहा तो वह बाइक घुमाकर रॉयल होम्स कॉलोनी के रास्ते पर भागे लेकिन जल्दबाजी में बाइक फिसलने से गिर गए। इस पर पीछा कर रहे लोगों ने एक बदमाश को दबोच लिया, जबकि दूसरा मोबाइल लेकर भाग निकला।
मोबाइल छीनकर भाग रहे एक बदमाश को लोगों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा था। उससे पूछताछ के बाद दो अन्य बदमाशों को पकड़ा गया है। उनसे पूछताछ चल रही है। -अकमल खान, सीओ अतरौली।
8 जून को भी तालानगरी में छीना गया था मोबाइल
14 जून थाने पहुंचे क्वार्सी निवासी शिवा पुत्र रतेंद्र ने पुलिस को बताया कि एक फैक्टरी में काम करते हैं। आठ जून को तालानगरी में बालाजी मंदिर वाली सड़क पर बिना नंबर वाली बाइक सवार बदमाश उनका मोबाइल छीनकर भाग निकले थे। वह रिपोर्ट दर्ज कराने आए थे लेकिन नाम-पता नोट कर उन्हें थाने से वापस भेज दिया गया था।