चार चरणों में चुनाव, बैैलट से होगा मतदानपहले चरण में गंगीरी, धनीपुर, अकराबाद ब्लॉक आैर आखिरी चरण में बिजौली, अतरौली, जवां में पड़ेंगे वोटअलीगढ़ (ब्यूरो)। क्षेत्र व जिला पंचायत सदस्यों चुनाव का बिगुल बज गया है। यह चुनाव चार चरणों में होगा। मतदाता इस बार भी बैलट का ही प्रयोग करेंगे। पहले चरण में नौ अक्तूबर, दूसरे में 13 अक्तूबर, 17 अक्तूबर और अंतिम चरण में 29 अक्तूबर को वोट डाले जाएंगे। प्रत्येक चरण में तीन- तीन ब्लाक में मतदान होगा। एक नवंबर को मतगणना होगी। चुनाव कार्यक्रम में किसी भी तरह की रुकावट न पड़े इसके लिए चुनाव से जुडे सभी कार्यालय सार्वजनिक अवकाश में भी खुले रहेंगे। चुनाव को लेकर राज्य निर्वाचन आयुक्त एसके अग्रवाल ने जिला निर्वाचन अधिकारी (जिलाधिकारी) को 22 सितंबर को अपने जिले की सूचना जारी कर गजट कराने के आदेश दे दिए हैं। क्षेत्र पंचायतों के सदस्यों एवं जिला पंचायतों के सदस्यों के स्थानों/ पदों आदि की सूचना 23 सितंबर को जारी की जाएगी। आखिरी व्यक्ति तक चुनाव की सूचना पहुंचाने के लिए संचार के आधुनिक और प्राचीन तरीकों का सहारा लिया जाएगा। चुनावी कार्यक्रम के सार्वजनिक प्रचार प्रसार को गांवों में मुनादी कराई जाएगी। ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत, जिला पंचायत, तहसील कार्यालय और जिला मजिस्ट्रेट के कार्यालय के सूचनापट पर यह चस्पा किया जाएगा। नामांकन पत्रों का विक्रय नामांकन पत्रों के दाखिल करने, उनकी जांच, उम्मीदवारी वापस लेने तथा चुनाव आवंटन का कार्य क्षेत्र पंचायत सदस्यों के लिए ब्लाक तथा जिला पंचायत सदस्यों के लिए जिला मुख्यालय पर होगा। सदस्य क्षेत्र पंचायत के पदों का परिणाम क्षेत्र ब्लाक, सदस्य जिला पंचायत का परिणाम जिला मुख्यालय पर घोषित किया जाएगा।