स्पेलर में फंसा युवक, मृतक बॉबी
- फोटो : फाइल फोटो
अलीगढ़ में विजयगढ़ कस्बा के लवकुश चौराहे पर रविवार की शाम 4 बजे स्पेलर की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर काफी प्रयास से स्पेलर में फंसे हुए बॉबी को बाहर निकाला। जब तक उसने दम तोड़ दिया था।
नगलाबरी मंदिर वाला निवासी 32 वर्षीय बॉबी पुत्र नेपाल सिंह लवकुश चौराहे पर बंटी गुप्ता पुत्र सत्य प्रकाश गुप्ता के तेल स्पेलर पर मजदूरी करता था। बॉबी सरसों की खली से तेल निकालने का कार्य करता था। रविवार की शाम 4 बजे वह स्पेलर पर तेल निकाल रहा था। दुकान के मालिक बंटी गुप्ता सामने किसी को कुछ सामान देने गए हुए थे। तभी स्पेलर में खल फस गई, खल को निकालने का बॉबी ने प्रयास किया। वह हाथ में स्टील का कड़ा पहने हुए था, उसका स्टील का कड़ा स्पेलर की चाल में फंस गया।
स्पेलर के चक्कर लगने से युवक का आधा हिस्सा स्पेलर मशीन में घुस गया। बाजार में लोगों की निगाह जब इस स्पेलर पर पहुंची, तो स्पेलर को बंद किया। पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और स्पेलर में फंसे हुए युवक को निकालने का प्रयास किया। स्पेलर के बोल्ट को खोलकर व कपड़े फाड़कर युवक को बाहर निकाला। तब तक युवक की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने युवक की लाश पोस्टमार्टम के लिए भेज दी। युवक की दर्दनाक मौत से परिजनों में चीख पुकार मच गई।
सीओ अभय कुमार पांडे ने बताया कि युवक करीब 2 साल से इस स्पेलर पर कार्य कर रहा है, उसके 4 छोटे-छोटे बच्चे हैं। पत्नी संगीता व परिवार के सभी लोगों का रो-रो कर बुरा हाल है। बॉबी चार भाई, तीन बहन हैं, जिसमें युवक सबसे बड़ा था। एक बहन की शादी हो चुकी है और तीन भाई, दो बहनों की अभी शादी नहीं हुई। बॉबी पर ही घर की पूरी जिम्मेदारी थी। थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया अभी कोई तहरीर नहीं मिली है, तहरीर आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।