प्रदेश स्तर पर गठित नारकोटिक्स टीम की मेरठ यूनिट ने नेपाल से नशा उत्पाद की तस्करी करने वाले दंपती को गांधीपार्क क्षेत्र से दबोचा है। इनके पास से 2 किलो 425 ग्राम चरस और 1 किलो 175 ग्राम अफीम बरामद की गई। कई लाख रुपये कीमत का माल बरामद कर दंपती को गांधीपार्क पुलिस के सुपुर्द कर मुकदमा दर्ज कराया है। वहीं बृहस्पतिवार को दंपती को जेल भेज दिया गया।
मूल रूप से छर्रारफातपुर का नरेश शर्मा अपनी पत्नी डॉली शर्मा के साथ गांधी पार्क के मुकुंदनगर में श्यामवीर के मकान में किराए पर रहता था। प्रदेश स्तर पर गठित नारकोटिक्स टीम एसपी पवन कुमार की अगुवाई में नशा उत्पाद तस्करों पर काम कर रही है। इसी क्रम में टीम को नेपाल से माल अलीगढ़ पहुंचने का इनपुट मिला और जब सर्विलांस लगाया गया तो दंपती का नाम सामने आया। इसी आधार पर एसपी के निर्देश पर टीम की मेरठ यूनिट ने बुधवार रात छापा मारकर दोनों को दबोच लिया।
मौके से 2 किलो 425 ग्राम चरस और 1 किलो 175 ग्राम अफीम बरामद की गई। इसके अलावा इलेक्ट्रिक कांटा, दो मोबाइल, एक नेपाल का सिम, दो बैग, एक पर्स, आधार और एटीएम कार्ड बरामद हुआ। बरामद माल की कीमत कई लाख रुपये बताई गई है। रात में थाने लाकर हुई पूछताछ में दंपती ने स्वीकारा कि वे अवैध तरीके से नेपाल से माल लाते हैं और अलीगढ़ व आस-पास के जिलों में सप्लाई करते हैं। लंबे समय से वे इस धंधे में लिप्त हैं। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार बृहस्पतिवार को दोनों को जेल भेज दिया गया।