मृतक शिशुपाल का फाइल फोटो। संवाद
- फोटो : AKBARABAD
थाना क्षेत्र के विजयगढ़ गोपी मार्ग स्थित ग्राम बिस्तौली भिनौली के बीच बृहस्पतिवार को दो बाइकों की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से जख्मी हो गया। मृतक के परिजनों ने थाने में इसकी तहरीर दी है। पुलिस ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजकर मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
थाना गंगीरी के गांव नगला वामन निवासी रामस्वरूप का पुत्र शिशुपाल (32) नोएडा स्थित एक निजी कंपनी में कार्य करता है। दीपावली पर घर आया हुआ था। बृहस्पतिवार को वह बाइक से किसी काम से निकला था। दोपहर करीब दो बजे जैसे ही गांव भिनौली के पास पहुंचा सामने से आ रहे गांव थाना विजयगढ़ के गांव विस्तौली निवासी बाइक सवार आशीष की बाइक से उसकी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकें क्षतिग्रस्त हो गईं और दोनों बाइक पर सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की जानकारी होने पर घायल आशीष के परिजनों के साथ आसपास के तमाम लोग मौके पर पहुंच गए और दोनों को एक निजी वाहन की मदद से उपचार के लिए अकराबाद सीएचसी ले गए। जहां डाक्टरों ने शिशुपाल सिंह को मृत घोषित कर दिया।
घायल आशीष की हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। घटना के संबंध में थाना पुलिस ने बताया है कि मृतक के परिजनों को हादसे की सूचना देने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक के बड़े भाई बीरी सिंह ने बताया है कि शिशुपाल ने अपने पीछे पत्नी कांता देवी, बेटी रिया व एक बेटा को रोते बिलखते छोड़ा है।