कोरोना से जंग जीतने वाले मरीजों ने बताया- कभी अंत्याक्षरी तो कभी किस्सागोई के साथ स्वास्थ्य केंद्र में टाइम पास किया
दीपक शर्मा
अलीगढ़। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के जेएन मेडिकल कॉलेज, हरदुआगंज, छेरत आदि अन्य स्थानों पर बनाए गए कोविड-19 अस्पताल से स्वस्थ होकर घर जाने वाले मरीजों ने अपनी डाइट और समय बिताने के दिलचस्प अनुभव साझा किए हैं। ऐसे लोगों के मुताबिक उन्हें पौष्टिक भोजन के साथ विटामिंस की अतिरिक्त खुराक और पर्याप्त विश्राम करने के लिए कहा जाता था। समय बिताने के लिए ये लोग कभी अंत्याक्षरी तो कभी एक दूसरे के साथ पुराने समय के किस्से साझा करके टाइम पास करा करते थे।
कुछ मरीजों ने बताया कि इस दौरान अन्य लोगों से उनके दोस्ताना ताल्लुकात भी हो गए हैं। उनको भोजन में विटामिन सी और विटामिन ई के साथ साथ पौष्टिक खाना और साथ ही 8 घंटे की नींद भी उपचार की प्रक्रिया में शामिल है। मेडिकल कॉलेज के कोविड-19 वार्ड से 10 से अधिक मरीज स्वस्थ होकर अपने-अपने घर जा चुके हैं।
जिला कोविड-19 कक्ष के सह नोडल अधिकारी डॉ. राहुल कुलश्रेष्ठ ने बताया कि हरदुआगंज के केंद्र पर भर्ती सभी मरीज स्वस्थ होकर अपने-अपने घरों को गए हैं। वहां पर डॉक्टर पूरी निगरानी रखते हैं और मरीज के लिए जो भी जरूरी होता है,उसको उपलब्ध कराते हैं। अगर डॉक्टर को लगता है, गुनगुना पानी पीने से मरीज को राहत मिलेगी तो वह भी उपलब्ध कराया जाता है। सबसे पहली और बड़ी प्राथमिकता रहती है कि मरीज की रोग प्रतिरोधक क्षमता बनी रहे और उसको और बढ़ाया जा सके। कोरोना वायरस को हराने के लिए हमें वायरस के पीएच स्तर से अधिक क्षारीय खाद्य पदार्थों का दैनिक सेवन करना चाहिए। इसमें नींबू, चूना, लहसुन, आम, कीनू, अनानास, नारंगी आदि शामिल हैं। कोरोना वायरस संक्रमण के लक्षण गले में खुजली, सूखा गला, सूखी खांसी, उच्च तापमान, सांस की तकलीफ, गंध और स्वाद की हानि और सुनवाई भी कम देना है।