अलीगढ़। कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालयों की छात्राओं का नामांकन अब प्रेरणा पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा। जिले की खराब नामांकन स्थिति पर राज्य परियोजना निदेशक विजय किरन आनंद ने बीएसए डॉ. लक्ष्मीकांत पांडेय से नाराजगी जताई है। विजय किरन आनंद ने बीएसए को निर्देश दिये हैं कि छात्राओं का नामांकन मात्र उपस्थिति पंजिका पर न कराकर पूरी नामांकन प्रक्रिया को पूर्ण रूप से पारदर्शी बनाने के लिए ब्लॉक स्तर की प्रक्रिया को प्रेरणा पोर्टल पर नामांकित छात्राओं की फीडिंग कराई जाए। विद्यालयों में छात्राओं के रजिस्टर पर नामांकन और वास्तविक नामांकन में अगर अंतर पाया जाता है तो प्रेरणा पोर्टल के नामांकन को वास्तविक नामांकन माना जाएगा। वहीं दोनों में भिन्नता होने के चलते स्थिति संदिग्ध मानी जाएगी। जिले में ये है स्थिति - जिले में 13 स्कूलों में पढ़ती हैं 1204 छात्राएं। - जिले के 12 ब्लॉक और शहर में 13 कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय संचालित हैं। - इन विद्यालयों में 1300 सीटें हैं। जबकि 1300 के अनुरूप अभी तक 1204 छात्राएं ही पंजीकृत हैं। - पूरे जिले में कक्षा छह में 725, कक्षा सात में 262 और कक्षा आठ में 217 छात्राएं पढ़ रही हैं। - इन विद्यालयों में कुल 160 शिक्षिकाएं व कर्मचारी कार्यरत हैं।