जिला कारागार में बंद कुख्यात शूटर प्रवीन बाजौता और जितेंद्र कंजा के अलावा एक अन्य अपराधी गौरव सोंगरा को अलीगढ़ से दूसरी जेलों में शिफ्ट किया गया है। यह शिफ्टिंग प्रशासनिक रिपोर्ट व शासन के आदेश पर की गई है। बुधवार को तड़के पहर तीनों को कड़ी सुरक्षा में अलग-अलग जेलों में शिफ्ट कर दिया गया।
प्रवीन बाजौता का अलीगढ़ जेल में दाखिल होने के दूसरे ही दिन विरोधी खेमे से झगड़ा हुआ था। उसके बाद भी उसे लेकर समय-समय पर उच्च्चाधिकारियों तक शिकायतें पहुंच रही थीं।
अलीगंज (एटा) के चर्चित कारोबारी संदीप गुप्ता हत्याकांड में मुख्य शूटर प्रवीन बाजौता टप्पल को लखीमपुर खीरी जबकि उसके साथी दूसरे शूटर हाथरस के सादाबाद निवासी जितेंद्र उर्फ कंजा को उन्नाव जेल शिफ्ट किया गया है। वहीं हाथरस के सासनी में बेटी से अभद्रता के विरोध में किसान पिता की दिनदहाड़े हत्या के चर्चित कांड का आरोपी दबंग अपराधी गौरव सोंगरा बिजनौर जेल शिफ्ट किया गया है।
प्रवीन की जिले में कुछ लोगों के साथ चर्चित अदावत चल रही है। उसमें अक्सर पुलिस के पास तरह-तरह के इनपुट पहुंचते रहते हैं। पिछले दिनों एक इनपुट प्रवीन द्वारा जेल में बैठक कर अपने विरोधी की हत्या की प्लानिंग का पुलिस को मिला था।
इन तमाम इनपुट के आधार पर शासन को भेजी गई प्रशासनिक रिपोर्ट पर यह कार्रवाई की गई है। वरिष्ठ कारागार अधीक्षक बिजेंद्र सिंह यादव ने तीनों के बुधवार की सुबह यहां से दूसरी जेलों में शिफ्ट किए जाने की पुष्टि की है।