अलीगढ़ के बन्नादेवी क्षेत्र में दो दोस्त परिवारों में बच्चों के निकाह के बाद बेटी अपने हल्के रूप को लेकर तानेे झेल रही है। आलम ये है कि पति तलाक की जिद पर अड़ गया है। हालांकि परिवार के समझाने-मनाने के दौर के चलते दंपती पर एक बच्चा भी हो गया, मगर अब उसे घर से निकाल दिया गया। जिसका मुकदमा भी दर्ज कराया गया। मगर मुकदमे में कोई कार्रवाई न होने से महिला इधर से उधर भटक रही है।
वाकया इस तरह है कि बन्नादेवी के नई बस्ती और सराय रहमान के दो परिवारों के मुखियाओं में अच्छी दोस्ती थी। वर्ष 2019 में नई बस्ती वाला दोस्त सराय रहमान के दोस्त के घर कुछ खाने का सामान देने गया था। वहां से लौटते में दुर्घटना में जख्मी हुआ और बाद में उसकी मौत हो गई। इस पर सराय रहमान के रहने वाले दोस्त ने नई बस्ती के मृत दोस्त की बेटी से अपने बेटे की शादी तय कर दी।
पिता की बात रखने के लिए बेटे ने भी नवंबर 2019 में शादी कर ली।
मगर शादी के बाद पत्नी का रूप रंग देख पति बिफर गया और साथ न रखने की जिद शुरू कर दी। किसी तरह दोनों परिवारों के समझाने मनाने के दौर के बीच दंपती पर एक बच्चा भी हुआ। मगर 2022 में युवक ने युवती को छोड़ दिया और वह मायके में आकर रहने लगी।
तीन तलाक तक की धमकी दी गई। मामले में मई 2022 में पति पर बन्नादेवी में मुकदमा भी दर्ज कराया गया। मगर आज तक मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस मामले में लगातार महिला थाने के चक्कर लगा रही है। मगर मुकदमे के बाद आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब उसने अधिकारियों से शिकायत की है।