सीमेंट फैक्टरी के पास हुआ हादसा
रेल हादसे के बाद अफसरों ने घटनास्थल तलाश लिया है। हादसा सोमना रेलवे स्टेशन के पास एक निर्माणाधीन सीमेंट फैक्टरी के नजदीक हुआ है। यहां रेलवे ट्रैक बिछाने का काम चल रहा है। जीआरपी ने इस प्रकरण में 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरे खंगालने के साथ ही डांबर एवं सोमना रेलवे स्टेशन से जुड़े 150 से अधिक कर्मचारियों के बयान दर्ज किए हैं। सीसीटीवी में साफ है कि सोमना के पास गेट संख्या 122 के पास कोच में सरिया घुसा हुआ दिख रहा है। पुलिस ने फैक्टरी से तीन संदिग्ध मजदूरों को दो दिन से हिरासत में ले रखा है। प्रथमदृष्टया सीमेंट फैक्टरी से जुड़े कर्मचारियों की लापरवाही सामने आ रही है। एनसीआर के मुख्य जनंसपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि संयुक्त जांच रिपोर्ट मिल चुकी है, जिसका अवलोकन किया जा रहा है। इसके बाद ही अगली कार्रवाई तय होगी।
छह सदस्यीय टीम ने सौंपी जांच रिपोर्ट
रेल प्रशासन ने एसएसडब्ल्यूपी करमवीर सिंह, एसएससीडब्ल्यू कैरिज एंड वैगेन आरवी सिंह, आरपीएफ के पोस्ट कमांडर राजीव वर्मा, टीआई मोहम्मद इश्हाक, सीएमआई संजय शुक्ला समेत छह सदस्यीय टीम को जांच सौंपी थी। टीम ने अपनी रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेज दी है। इसमें लापरवाही से जुड़े तथ्यों को शामिल करते हुए कार्रवाई की संस्तुति की गई है। दूसरी टीम में शामिल रेलवे के डीटीएम टूंडला अमित कुमार सुदर्शन, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी विकास चौरसिया, एडीएन एसके शर्मा, एएसटी एसपी सिंह, सीनियर डीएसटी आदि के नेतृत्व वाली टीम ने भी जांच कर अपनी रिपोर्ट भेजी है।
हरिकेश की पत्नी को मिले पांच लाख
अलीगढ़। हरिकेश की पत्नी शालिनी दुबे को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई है। प्रयागराज से उत्तर मध्य रेलवे के वाणिज्यक निरीक्षक प्रियरंजन कुमार एवं सुलतानपुर के वाणिज्यक निरीक्षक ज्योति स्वरूप सोमवार को हरिकेश के पैतृक गांव गोपीनाथपुर, चांदा कोतवाली सुल्तानपुर पहुंचे। यहां उन्होंने शोक संतृप्त परिजनों को सांत्वना दी और उसकी पत्नी शालिनी दुबे को रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव की घोषणा के क्रम में पांच लाख रुपये का चेक सौंपा। सांसद मेनका गांधी के प्रयासों से यह सहायता राशि दी गई है। सांसद परिवार के किसी एक सदस्य को नौकरी समेत अन्य सहायता दिलाने का प्रयास भी कर रहीं हैं।