अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के प्रॉक्टर ने 30 जनवरी 2023 से शुरू होने वाली अलीगढ़ औद्योगिक एवं कृषि प्रदर्शनी (नुमाइश) में जाने वाले छात्रों के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इस बार नुमाइश में रात दस बजे के बाद ठहरने वाले अमुवि के छात्रों के साथ अगर कोई अप्रिय घटना होती है, तो इसके लिए वह खुद ही जिम्मेदार होंगे। विवि इंतजामिया इसके लिए जिम्मेदार नहीं होगा।
प्रॉक्टर प्रो. एम वसीम अली ने छात्रों से कहा कि नुमाइश देखने के दौरान वह अपना अमुवि पहचान पत्र साथ रखें। कोविड-19 के प्रति एहतियात बरतें और दशा-निर्देशों का पालन करें। रात 10 बजे प्रॉक्टोरियल कैंप बंद हो जाएगा। इसके बाद किसी तरह की अप्रिय घटना होने पर छात्रों को कोई मदद नहीं दी जा सकेगी।
कृष्णांजलि, कोहिनूर और मुक्ताश में कार्यक्रमों में भाग लेने वाले छात्र आरक्षित क्षेत्रों तक सीमित रहें। छात्रों को थिएटर, झूलों, नौटंकी और विभिन्न प्रकार के वैरायटी शो स्थलों सहित लालताल और हुल्लड़ बाजार क्षेत्रों से दूर रहने के लिए कहा है। इन निर्देशों का उल्लंघन करने वाले छात्रों के खिलाफ छात्र आचरण और अनुशासन नियम 1985 के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।