पांच हजार रुपये के विवाद में अलीगढ़ के गांव नानऊ में 5 अगस्त की रात जीजा ने साले की चाकू से गोदकर नृशंस हत्या कर दी। बीच-बचाव में साले का दोस्त फरसे के प्रहार से घायल हो गया। पुलिस ने घायल का इलाज कराया है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके सेे साक्ष्य जुटाए हैं। आरोपी जीजा की तलाश की जा रही है।
थाना हरदुआगंज के गांव नगला कोठी निवासी विनीत कुमार (30) मंगलवार की रात गांव के दोस्त शीलेंद्र उर्फ सीटू के साथ बाइक से अपने जीजा मानवेंद्र उर्फ बंटू के घर अकराबाद के गांव नानऊ आए थे। घायल शीलेंद्र ने बताया है कि विनीत ने अपने जीजा से पांच हजार रुपये उधार लिए थे, जरूरत पड़ने की बात कहकर बहन खुशबू ने फोन कर रुपये वापस करने के लिए विनीत को अपने घर बुलाया था। इस पर वह विनीत के साथ 5 अगस्त रात करीब एक बजे रुपये लौटाने गांव नानऊ पहुंचे थे।
विनीत ने अपने साथ लाए रुपये जीजा मानवेंद्र को वापस किए तो दोनों में कहासुनी होने के साथ हाथापाई हो गई, तभी जीजा ने चाकू निकाल कर विनीत पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे विनीत लहूलुहान होकर गिर गया। शीलेंद्र ने विनीत को बचाने का प्रयास किया तो आरोपी ने उसे भी फरसा मारकर घायल कर दिया, इस पर वह किसी तरह से बाहर भाग निकला।
घटना के बारे में सीटू ने मोबाइल फोन से विनीत के परिजनों के साथ अन्य रिश्तेदारों को दी। सूचना पर परिजनों के साथ पुलिस भी मौके पर पहुंची, जहां से पुलिस ने घायल सीटू को सीएचसी में भर्ती करा दिया। विनीत को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटनास्थल से फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य भी एकत्रित किए। पुलिस को हत्या में प्रयुक्त चाकू और हमले में प्रयुक्त फरसा मौके से नहीं मिला है।