फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नगर निकाय चुनाव : कड़ी सुरक्षा के बीच नामांकन प्रक्रिया शुरू, 24 तक खरीदे और जमा होंगे नाम निर्देशन पत्र

Mon, 17 Apr 2023 12:22 AM IST
अलीगढ़ ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, अलीगढ़

सार

नामांकन कक्षों में बैरिकेडिंग के साथ ही सभी प्रत्याशियों एवं प्रस्तावकों को सुरक्षा के घेरे में पूरी जांच-पड़ताल के बाद ही नामांकन कक्ष में जाने की अनुमति मिलेगी। डीएम इंद्र विक्रम सिंह ने नामांकन केंद्रों का निरीक्षण किया।
विज्ञापन
नामांकन केंद्राें का निरीक्षण करते डीएम इंद्र विक्रम सिंह - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अलीगढ़ में नगर निगम समेत 18 निकायों के लिए नामांकन की प्रक्रिया कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हो गई है। इसके लिए कलेक्ट्रेट समेत अतरौली, गभाना, खैर, इगलास एवं कोल समेत सभी पांचों तहसीलों में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। नामांकन कक्षों में बैरिकेडिंग के साथ ही सभी प्रत्याशियों एवं प्रस्तावकों को सुरक्षा के घेरे में पूरी जांच-पड़ताल के बाद ही नामांकन कक्ष में जाने की अनुमति मिलेगी। डीएम इंद्र विक्रम सिंह ने नामांकन केंद्रों का निरीक्षण किया।

विज्ञापन


शनिवार देर रात तक तैयारियों को अंतिम रूप देने में अफसर जुटे रहे । निकाय चुनाव को लेकर रविवार को जिला मजिस्ट्रेट इंद्र विक्रम सिंह द्वारा नगरीय निकाय सार्वजनिक अधिसूचना जारी कर दी गई है। डीएम ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही आदर्श चुनाव आचार संहिता का कड़ाई से अनुपालन कराने के लिए अधिकारियों को निर्देशित कर दिया गया है। चुनाव आयोगों के निर्देशों के उल्लंघन पर संबंधित प्रत्याशियों के खिलाफ कार्रवाई अमल में लायी जाएगी।

खास बातें 

  • अलीगढ़ में 11 मई को दूसरे चरण में होगा चुनाव, 11.77 लाख मतदाता चुनेंगे अपनी सरकार
  • एक नगर निगम, दो नगर पालिका एवं 15 नगर पंचायत में होना है चुनाव
  • छह नई नगर पंचायतों गभाना, मडराक, चंडौस, पिसावा, जवां -सिकंदरपुर, बरौली में पहली बार हो रहा चुनाव
  • नगर निकाय के 329 वार्ड के 309 मतदान केंद्रों के 1063 मतदान स्थलों पर 11,77,317 मतदाता करेंगे अपने मताधिकार का प्रयोग
  • वर्ष 2011 की निकायवार जनसंख्या 1401915, वर्ष 2022 में 22 प्रतिशत की वृद्धि के अनुसार अनुमानित जनसंख्या - 1710336
  • 6, 01,298 पुरुष मतदाता एवं 5,35,810 महिला मतदाता, महिलाओं का जेंडर रेशियो - 891
  • 93 संवेदनशील मतदान केंद्र, 62 अति संवेदनशील केंद्र, 31 अति संवेदनशील प्लस मतदान केंद्र, 124 सामान्य मतदान केंद्र
  • 59 सेक्टर, 34 जोन, नगर निगम में 736 मतदेय स्थलों पर 4405 ईवीएम से होगा मतदान, नगर पालिका एवं नगर पंचायतों में मतपत्र से होगा चुनाव

 

  •  नाम निर्देशन पत्र का क्रय एवं जमा करने की तारीख - 17 से 24 अप्रैल तक
  • नामांकन पत्रों की जांच - 25 अप्रैल को होगी
  • नामांकन एवं नाम वापसी - 27 अप्रैल
  • चुनाव चिन्ह आवंटन - 28 अप्रैल
  • मतदान के लिए पोलिंग पार्टियों की रवानगी - 10 मई
  • निकाय चुनाव को मतदान - 11 मई को सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक
  • मतगणना - 13 मई सुबह सात बजे से समाप्ति तक
  • नामांकन की प्रक्रिया में 329 वार्डों में 18 निर्वाचन अधिकारी, 40 सहायक निर्वाचन अधिकारी, नगर पालिका एवं नगर पंचायत में निर्वाचन अधिकारी के रूप में 43 एवं सहायक निर्वाचन अधिकारी के रूप में 101 अधिकारी एवं कर्मचारियों की तैनाती की गई है।
  • नामांकन कक्ष में प्रत्याशी और उसके दो प्रस्तावक, मुख्य चुनाव अभिकर्ता समेत चार लोग ही नामांकन के दौरान प्रवेश पा सकेंगे इसके लिए किसी को नामांकन कक्ष तक जाने की अनुमति नहीं रहेगी।
  • नगरीय निकाय चुनाव के कोई बकाया नहीं का प्रमाण पत्र (नो- ड्यूज) पाने के लिए बैंकों, सहकारी समिति, भूमि विकास बैंक, तहसील मुख्यालयों पर नामांकन पत्रों की बिक्री शुरू हो गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन

जिले के 329 वार्ड में होगा चुनाव

जिले में कुल 18 नगरीय निकाय के कुल 329 वार्ड हैं। सबसे अधिक 90 वार्ड नगर निगम क्षेत्र में हैं। नगर पालिका परिषद अतरौली एवं खैर में 25- 25 वार्ड हैं। नगर पंचायत छर्रा में 15, बेसवां में 10, इगलास में 15, जट्टारी में 13, कौड़ियागंज में 11, जलाली में 13, पिलखना में 10, विजयगढ़ में 10, हरदुआगंज में 11, चंडौस में 11, पिसावा में 12, गभाना में 15, मडराक में 15, बरौली में 14 एवं जवां- सिकंदरपुर में 14 वार्ड निर्धारित किए गए हैं।

यहां से खरीद सकते हैं मतदाता सूची
कलेक्ट्रेट के बाहर बने डूडा कार्यालय के अलावा जिले के सभी तहसीलों मुख्यालयों पर मतदाता सूची एवं नामांकन पत्रों की निर्धारित शुल्क देकर खरीद की जा सकती है। सहायक निर्वाचन अधिकारी कौशल कुमार ने बताया कि मतदाता सूची के लिए एक रुपये प्रत्येक पेज के हिसाब से धनराशि जमा कर छायाप्रति प्राप्त कर सकते हैं।

पहली बार चुनेंगे चेयरमैन, सभासद
जिले की छह नवसृजित नगर पंचायत चंडौस, मडराक, जवां- सिकंदरपुर, पिसावा, बरौली एवं गभाना के मतदाता पहली बार चेयरमैन एवं सभासद के लिए अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

यहां होंगे नामांकन पत्र जमा
जिला मजिस्ट्रेट इंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि नगर निकाय चुनाव में मेयर पद के नामांकन की प्रक्रिया खुद उनके न्यायालय में पूरी होगी। सिटी मजिस्ट्रेट न्यायालय में नगर निगम के वार्ड संख्या एक से दस तक के नामांकन होंगे। एडीएम सिटी न्यायालय में नगर निगम के वार्ड संख्या 11 से 20 तक, न्यायालय एडीएम प्रशासन मे वार्ड संख्या 21 से 30 तक, न्यायालय एडीएम वित्त एवं राजस्व में 31 से 40 तक, एसीएम प्रथम के न्यायालय में 41 से 50 तक, एसीएम द्वितीय के न्यायालय में 51 से 60 तक, कार्यालय उपसंचालक चकबंदी के कार्यालय पुरानी बिल्डिंग में 61 से 70 तक, कार्यालय जिला पूर्ति अधिकारी पुरानी बिल्डिंग में 71 से 80 तक, न्यायालय एडीएम न्यायिक में नगर निगम के 80 से 90 वार्ड तक के नामांकन की प्रक्रिया पूरी होगी।

इसके अलावा न्यायालय तहसीलदार खैर में नगर पालिका खैर एवं नगर पंचायत जट्टारी, न्यायालय तहसीलदार अतरौली में नगर पालिका अतरौली एवं नगर पंचायत छर्रा, न्यायालय तहसीलदार इगलास में नगर पंचायत इगलास एवं नगर पंचायत बेसवां, न्यायालय तहसीलदार गभाना में नगर पंचायत चंडौस, पिसावा, बरौली और गभाना, न्यायालय तहसीलदार कोल में नगर पंचायत हरदुआगंज, विजयगढ़, कौड़ियागंज, जलाली, मडराक और जवां के नामांकन दाखिल होंगे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें