वाराणसी नगर निगम के आयुक्त पद से तबादला होकर अलीगढ़ में नगर आयुक्त बनकर आए गौरांग राठी का तबादला भदोही जिलाधिकारी के पद पर हुआ है। हालांकि उनके सोमवार को चार्ज छोड़ने की चर्चा हैं। अंतिम समय में वे अपने अधूरे काम निपटा रहे हैं। मगर इस दौरान हेवीटेट सेंटर का लोकार्पण न करा पाना सुर्खियों में है। वे अपने रहते मुख्यमंत्री के हाथों हेवीटेट सेंटर का लोकार्पण कराने की तैयारी में थे। काम बहुत तेजी से पूरा कराया था। इधर, उनके दो वर्ष के कार्यकाल में मेयर व अधिकांश पार्षदों से दूरी सुर्खियों में है।
नगर आयुक्त यहां चार्ज संभालने के बाद से ही कुछ निर्णयों को लेकर सुर्खियों में रहे। पहले मेयर से विभिन्न विषयों पर निर्णय को लेकर अनबन शुरू हुई। फिर पार्षदों से दूरी होने लगी। सफाई कर्मचारियों ने भी कई निर्णयों का विरोध किया। इसी दौरान पिछले वर्ष खुद शहर विधायक ने नगर आयुक्त के खिलाफ उपवास किया। जिसे अधिकारियों ने जैसे तैसे संभाला। सुधार की दिशा में उठाए गए कदमों की बात करें तो वे स्मार्ट सिटी के कुछ प्रोजेक्टों को तेजी से कराने में जुटे थे। उम्मीद थी कि हेवीटेट सेंटर सहित कुछ प्रोजेक्टों का लोकार्पण करा दें। मगर वे भी पूरा नहीं हो पाए।