ट्रक चोरी की शिकायत करने तालानगरी पुलिस चौकी पहुंचे ट्रक स्वामी। स्रोत : संवाद
- फोटो : Samvad
तालानगरी के सेक्टर दो से बीती रात चोर 12 टन लोहे की सरिया सहित ट्रक चोरी कर ले गए। आधी रात के बाद जब क्लीनर पहुंचा तो मौके से ट्रक गायब था। सूचना पर ट्रक मालिक मौके पर पहुंचा और पुलिस को जानकारी दी। जिसके बाद पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू की। जांच में पता चला कि पीएसी तक सीसीटीवी में ट्रक दिखाई पड़ता है लेकिन क्वार्सी चौराहे के कैमरों में इसकी कोई तस्वीर नहीं मिली है। आशंका है कि इससे पहले ही किसी अन्य रास्ते से ट्रक ले जाया गया है।
थाना क्षेत्र के कोंडरा गांव निवासी देवेंद्र सिंह पुत्र सरदार सिंह के अनुसार उनके पास छह टायर वाला आयशर कंपनी का ट्रक है। सोमवार 30 अक्तूबर की रात उन्होंने एलडीएस फैक्टरी से ट्रक में लगभग साढ़े छह लाख कीमत की 12 टन लोहे की सरिया लादी थी। जिसके बाद ट्रक को नोवा कंपनी के सामने खड़ा कर दिया था। रात लगभग ढाई बजे क्लीनर जितेंद्र वहां गया तो ट्रक मौके पर नही था।
उसने ट्रक मालिक देवेंद्र सिंह को इसकी जानकारी दी तो देवेंद्र मौके पर पहुंच गए और ट्रक को खोजने की कोशिश की लेकिन कोई अता-पता नहीं चल पाया। थाना पुलिस को तहरीर दे दी गई है। पुलिस ने घटना की जांच पड़ताल की तो पता चला कि रात लगभग साढ़े बारह बजे करीब अज्ञात चोर सड़क किनारे किसी झाड़ी से निकले और ट्रक स्टार्ट कर ले उड़े। जिसके बाद पीएसी से क्वार्सी तक के सीसीटीवी चेक किए गए। जिसमें पीएसी तक ट्रक दिखाई पड़ता है, लेकिन क्वार्सी चौराहे के कैमरों में ट्रक दिखाई नही पड़ता। ऐसे में पुलिस छानबीन में जुटी हुई है।