गोंडा थाना क्षेत्र के गांव नगला माधौ उर्फ कन्नू में पारिवारिक कलह से क्षुब्ध हुए अधेड़ व्यक्ति ने बुधवार रात्रि पेड़ पर फंदा लगाकर जान दे दी। परिवार ने पुलिस को सूचना दिए बिना शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
गांव निवासी शिव सिंह पुत्र कमल सिंह उम्र करीब 52 वर्ष तीन भाइयों में दूसरे नंबर के थे, गांव में खेतीबाड़ी कर परिवार का पालन पोषण करते थे। बुधवार को परिवार में हुई किसी बात को लेकर क्षुब्ध हो गए। गांव की आबादी के बाहर उनके खेत हैं, जहां अपने खेत के समीप नीम के पेड पर रात्रि में फंदा लगा कर झूल गए। बृहस्पतिवार सुबह परिवार के लोग खेतों में गए तो शिव सिंह को पेड़ से लटकता देखा।
घटना की सूचना गांव पहुंचने पर भीड़ मौके पर जुट गई। आनन फानन में शिव सिंह को पेड़ से उतार कर निजी चिकित्सक के पास ले जाया गया। जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिवार ने पुलिस को सूचना दिए बगैर उनके शव को गांव लाकर अंतिम संस्कार कर दिया। मृतक के दो पुत्र हैं।