पूर्व विधायक मलखान सिंह और तेजवीर सिंह गुड्डू
- फोटो : साेशल मीडिया
अलीगढ़ के मलखान सिंह हत्याकांड में सजा की घोषणा के बाद फरार चल रहे सौनू गौतम के मेडिकल रेस्ट के पर्चे को लेकर सीएमएस व पुलिस स्तर से की जा रही जांच में यह तथ्य हुआ उजागर हुआ है कि बिना आधार कार्ड के पर्चा जारी हुआ था, पर्चे का ब्योरा रिकार्ड में भी दर्ज नहीं है। यह पर्चा जिला अस्पताल से बना था।
पूर्व विधायक मलखान सिंह हत्याकांड में दोषी करार होने के बाद से फरार सोनू गौतम का मेडिकल रेस्ट का पर्चा जिला अस्पताल से जारी तो हुआ। मगर किसी डॉक्टर ने उसे जारी नहीं किया। इस बात की पुष्टि खुद जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने सीएमएस को दिए सशपथ बयान में की है। ऐसे में इस तरह बिना किसी रिकार्ड और आधार कार्ड आदि के अस्पताल से पर्चा जारी होना स्वास्थ्य विभाग की पोल खोल रहा है। मामले में सीएमएस स्तर से जांच की जा रही है। वहीं पुलिस ने भी इस संबंध में गोपनीय स्तर पर ब्योरा एकत्रित किया है। जल्द पूरा विवरण बुलंदशहर न्यायालय में रखा जाएगा।
यह पर्चा २५ जनवरी को सोनू गौतम के नाम से ९:२३ बजे जारी हुआ। इस पर्चे पर काउंटर से २३ नंबर टोकन नंबर देकर ओपीडी नंबर २२-ए में भेजा गया। पर्चे पर किसी का मोबाइल नंबर या पता तक नहीं है। न पर्चा बनाने के बदले लिया जाने वाला आधार कार्ड ही लगा है। इसके बाद पर्चे पर कुछ दवाएं और बीमारी लिखकर १५ दिन का मेडिकल रेस्ट बनाया गया है। २७ जनवरी को इसे बुलंदशहर न्यायालय में हाजिरी माफी के साथ लगाया गया।
मगर वहां उसे माना नहीं गया। इसके बाद सोनू को दोषी करार देकर भगोड़ा घोषित कर दिया है। इधर, जब यह बात उजागर हुई तो सीएमएस स्तर से जांच शुरू की गई। मंगलवार को सभी डॉक्टरों की ओर से यह सशपथ बयान दिया गया कि उसको उन्होंने जारी नहीं किया। अब यह जानने का प्रयास हो रहा है कि पर्चे पर हस्ताक्षर व राइटिंग किसकी है। अंदेशा है कि पर्चा लेने के बाद उस पर किसी स्टाफ ने फर्जी तरीके से सब कुछ लिखकर दे दिया है। इसमें किसकी मिलीभगत है यह जांच के बाद ही साफ होगा। पुलिस भी इस विषय में पूरा ब्योरा जुटा रही है। पूरा विवरण कोर्ट में दिया जाएगा। कोर्ट के आदेश पर आगे कार्रवाई तय होगी।
पर्चा हमारे अस्पताल से जारी हुआ है। मगर, उसका रजिस्टर में रिकॉर्ड नहीं है। डॉक्टरों की ओर से बयान दिया गया है कि उन्होंने पर्चे पर कोई मेडिकल जारी नहीं किया। मामले में अभी जांच जारी है।
- डा. ईश्वर देवी बत्रा, सीएमएस जिला अस्पताल