जिले में मवेशियों में फैले लंपी वायरस का प्रकोप 126 गांवों तक पहुंच गया है। इसकी चपेट में 4099 पशु आ चुके हैं और 41 की मौत हो चुकी है। विभाग का दावा है कि 637 पशु इस बीमारी से अब तक ठीक हो चुके हैं। जबकि 30 हजार से अधिक पशुओं का टीकाकरण हो चुका है।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. बीपी सिंह ने बताया कि लंपी से अब तक 4099 पशु प्रभावित हो चुके हैं। जबकि 84,577 पशुओं को संदिग्ध की श्रेणी में रखा गया है। उन्होंने बताया कि अब तक 38 सैम्पल जांच के लिए मथुरा भेजे गये थे। जिनमें से 12 पॉजिटिव केस पाए गए हैं।
उन्होंने बताया कि कुल 38 टीम अब तक 30 हजार पशुओं को वैक्सीन लगा चुकी हैं। प्रत्येक ब्लॉक में तीन - तीन टीमें घर - घर जाकर टीकाकरण के काम में जुटी हुई हैं। बीमारी का प्रकोप कुछ कम हो रहा है और रिकवरी भी जल्दी हो रही है। लंपी स्किन डिसीज पशुओं को होने वाली एक वायरल बीमारी है।
ये पॉक्स वायरस से मवेशियों में मच्छर और मक्खी के जरिए एक से दूसरे में फैलती है। पशु के शरीर पर जख्म नजर आने लगते हैं। पशु खाना कम कर देता है और उसकी रोग प्रतिरोधक क्षमता भी घटने लग जाती है। इस बीमारी की शुरूआत में पशु को दो से तीन दिन तक हल्का बुखार रहता है। उन्होंने अपील की है कि पशुपालक बीमार पशुओं का सरकारी चिकित्सालय में ही उपचार कराएं।