फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Aligarh News: रथ पर सवार होकर निकले भगवान जगन्नाथ, हरे राम-हरे कृष्णा पर झूम उठा शहर

Sun, 02 Apr 2023 02:51 AM IST
चमन शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, अलीगढ़

सार

श्रद्धालुओं में दिव्य रथ को खींचने के प्रति भारी उत्साह रहा। भक्त हरे कृष्ण.. हरे राम.. के मंत्र का जाप और कई श्रद्धालु झांझ, मंजीरे और मृदंग की थाप पर संकीर्तन करते चल रहे थे।
विज्ञापन
रामलीला मैैदान से इस्कॉन रथयात्रा में झूमते भक्त - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हरे राम-हरे कृष्णा... संकीर्तन की धुन पर थिरकते श्रद्धालु और प्रभु का गुणगान करते चल रहे कृष्ण भक्त। इस्कॉन मंदिर की रथयात्रा में भगवान जगन्नाथ का रथ खींचने की शहर के लोगों में होड़ सी मच गई। भगवान जगन्नाथ, बलराम और सुभद्रा की मनोहारी सूरत सभी को अपनी ओर आकर्षित कर रही थी। रथ यात्रा का शहर में कई स्थानों पर भव्य स्वागत किया गया। यात्रा को लेकर लोगों में काफी उत्साह रहा। हरे-रामा-हरे कृष्णा के भजनों से शहर भक्तिमय दिखाई दिया। 
विज्ञापन




महानगर के जीटी रोड स्थित रामलीला मैदान से निकली रथयात्रा में मुख्य अतिथि के रूप में हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश एएन मित्तल, जिला जज डॉ. बब्बू सारंग, एटा सांसद राजवीर सिंह राजू भैया, इस्कॉन मंदिर की एडवाइजरी कमेटी के अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार चौहान, सचिव पवन कुमार, उमेश उपल, ओजोन सिटी के चेयरमैन प्रवीण मंगला, आईआईएमटी के डायरेक्टर पंकज महलवार आदि प्रमुख रूप शामिल हुए। 
विज्ञापन


जय जगन्नाथ के जयकारे से वातावरण हुआ भक्तिमय 
जगन्नाथ यात्रा शहर के कई प्रमुख मार्गों एवं बाजारों में से होकर निकली। पूरा शहर भगवान जगन्नाथ के जयकारों से गूंजता सुनाई दिया। बैंड बाजों के साथ शुरू हुई इस यात्रा में बड़ी संख्या में पुरूष, महिलाएं एवं बच्चे शामिल रहे। सभी एक जैसी वेशभूषा में दिखे। भगवान जगन्नाथ के दर्शन करने के लिए सड़कों पर भक्तों का जमावड़ा उमड़ पड़ा। लोगों की भीड़ यात्रा को देखने के लिए ठहर गई। हर कोई इन पलों को अपने मोबाइल फोन में कैद कर लेना चाहता था। श्रद्धालुओं ने भगवान जगन्नाथ, बलराम और सुभद्रा का केसर, चंदन, पंचामृत आदि से अभिषेक किया और आरती उतारकर पूजा-अर्चना की। श्रद्धालुओं ने जय जगन्नाथ के जयकारे लगाकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। श्री हरि के दर्शन कर श्रद्धालु भक्ति विभोर होकर नृत्य करने लगे। 

विज्ञापन


दिव्य रथ खींचने को दिखा उत्साह 
श्रद्धालुओं में दिव्य रथ को खींचने के प्रति भारी उत्साह रहा। भक्त हरे कृष्ण.. हरे राम.. के मंत्र का जाप और कई श्रद्धालु झांझ, मंजीरे और मृदंग की थाप पर संकीर्तन करते चल रहे थे। रथ के आगे श्रद्धालु झाडू से मार्ग की सफाई करते चल रहे थे। यात्रा के दौरान जगह- जगह रंगोली सजाई गईं। जगन्नाथ के जयकारों से पूरा शहर गूंज उठा और भक्ति में लीन होकर भक्त झूमते नजर आए। रथयात्रा जैसे-जैसे आगे बढ़ रही थी सड़क किनारे खड़े लोग वैसे-वैसे जुड़ते जा रहे थे। यात्रा के चलते शहर में करीब दो घंटे तक जाम लगा रहा। रथ यात्रा के पीछे वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लगी रहीं।

 इस्कॉन के डायरेक्टर ऑफ कम्यूनिकेशन अच्युत केशवदास ने बताया कि रथ यात्रा में पहली बार ड्रोन हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की गई और गुलाब जल छिड़का गया। यात्रा में मथुरा-वृंदावन समेत देश- विदेश से सैंकड़ों भक्त यात्रा में शामिल हुए। उन्होंने बताया कि रथयात्रा का आयोजन शहर के लोगों में सद्भावना का प्रचार करना है। रथयात्रा का जीटी रोड रामलीला मैदान, दुबे का पड़ाव, मीनाक्षी पुल, गांधी नेत्र चिकित्सालय, अतरौली अड्डा, जनकपुरी, किशनपुर तिराहा, एडीए कॉलोनी, पराग डेयरी तक पुष्पवर्षा कर जोरदार स्वागत किया गया। फुलवारी मैरिज होम पहुंचने पर देर शाम तक सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भक्तों का मन मोह लिया। यहां भक्तों ने भजन-कीर्तन, छप्पन भोग, अर्पण और महाआरती कर भगवान जगन्नाथ का आशीर्वाद लिया। रथ यात्रा में इस्कॉन गुरु कृतु दास अधिकारी भी शामिल हुए। अध्यक्षता मंदिर अध्यक्ष रसराज दास ने की।
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें