घायल से पूछताछ के लिए एसपी देहात पलाश बंसल अस्पताल पहुंचे। जहां घायल ने बताया कि उसके थैले में दिन भर की खरीद बिक्री के करीब 80 हजार रुपये और कुछ ऐसा सोना था, जो बदलने के इरादे से ग्राहकों द्वारा दिया गया था। इस घटना के बाद एसएसपी ने पुलिस की तीन टीमों को खुलासे के लिए लगाया। जिनके जरिये सीसीटीवी, मोबाइल सर्विलांस, स्थानीय इनपुट के जरिये खुलासे के प्रयास शुरू किए गए हैं। देर रात कुछ लोग हिरासत में लिए गए हैं। इस घटना के संबंध में हरीश के भाई रवि की ओर से देर रात तहरीर दी गई, जिसमें नकदी के अलावा कुछ सोना व चांदी के आभूषण जाने का उल्लेख किया है। हालांकि मौखिक तौर पर दो किलो चांदी व 75 ग्राम सोना जाने का उल्लेख सराफ द्वारा किया गया है।
इस घटना की सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की गई है। तीन टीमों को लगाकर सीसीटीवी आदि देखे जा रहे हैं। कुछ संदिग्ध हिरासत में लिए गए हैं। पीड़ित की ओर से कुछ लोगों संदेह जताया गया है। उनको भी शक के आधार पर पूछताछ में लिया गया है। जो माल गया है, उसकी तस्दीक के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा कि कितना गया है। -कलानिधि नैथानी, एसएसपी, अलीगढ़
तीन पहलुओं पर जताया पीड़ित ने शक
पुलिस पूछताछ में पीड़ित ने तीन पहलू बताए हैं, जिन पर शक जताया है। पहला यह है कि उसने किसी अपनी महिला मित्र के कहने पर दुकान से रुपये लिए थे और उन्हें देने जा रहा था। वह महिला मित्र कौन है? इस सवाल पर पुलिस काम कर रही है। दूसरा ये कि किसी ने फोन कर पीड़ित से पूछा था कि कितनी देर में निकल रहे हो? उस नंबर पर पुलिस काम कर रही है। तीसरा कुछ पड़ोसी उससे खुन्नस रखते हैं, उन्होंने तो ये वारदात नहीं कराई? इस पर भी पुलिस काम कर रही है।