अलीगढ़ जिला निर्वाचन अधिकारी विशाख जी ने भारत निर्वाचन आयोग द्वारा आदर्श आचार संहिता को लेकर अधीनस्थों को आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से अनुपालन कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सरकारी एवं निजी प्रॉपर्टी से जुड़ी सभी प्रकार की चुनाव प्रचार से संबंधित सामग्री, दीवार लेखन एवं विभिन्न प्रकार के चुनाव संबंधी एवं अवैध गतिविधियों की रोकथाम करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने चुनाव प्रचार सामग्री एवं दीवार लेखन को 72 घंटे के अंदर पूर्णरूप से हटाने के भी निर्देश दिए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी सहायक रिटर्निंग अधिकारियों को निर्देशित किया है कि एमसीसी के लिए टीमों का गठन करते हुए आयोग के निर्देशों का अनुपालन कराना सुनिश्चित करें। गठित टीमें अपने अपने क्षेत्र के सहायक रिटर्निंग आफिसर के निर्देशानुसार कार्य करेंगी एवं प्रत्येक दिवस की सूचना प्रभारी अधिकारी आदर्श आचार संहिता एवं अपर जिलाधिकारी, नगर के कार्यालय में सहायक रिटर्निंग आफिसर के माध्यम से उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगी। संवाद
85 वर्ष से अधिक उम्र के मतदाता पोस्टल बैलेट से करेंगे मतदान
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर 85 वर्ष की आयु वर्ग से ऊपर के मतदाताओं को पोस्टल बैलेट की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी राहुल भार्गव ने बताया कि जिले के सभी 85 वर्ष की आयु वर्ग से ऊपर के मतदाता स्वेच्छा से पोस्टल बैलेट के माध्यम से निवास स्थान पर ही मतदान करने के लिए फार्म-12डी में आवेदन कर सकते हैं। ऐसे बुजुर्ग अपने निवास स्थान पर ही मताधिकार का उपयोग कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि फार्म-12 डी अधिसूचना जारी होने के पांच दिवसों के अंदर संबंधित विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर 85 वर्ष की आयु वर्ग से ऊपर के मतदाताओं को उपलब्ध कराया जाएगा। संवाद
चुनाव में सक्रियता बरतें मजिस्ट्रेट : मंडलायुक्त
अलीगढ़। लोकसभा चुनाव को लेकर मंडलायुक्त चैत्रा वी ने मंडल के अलीगढ़, हाथरस, एटा व कासगंज में निर्वाचन से संबंधित तैयारी एवं जिलों में तैनात सभी जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट से सक्रियता बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि मंडलायुक्त कार्यालय में प्राप्त होने वाली शिकायतों को पंजीकृत कर तत्काल संबंधित जिला निर्वाचन अधिकारी को सूचित करने एवं उनसे निस्तारण आख्या प्राप्त करने के लिए कमिश्नरी स्थित कक्ष संख्या 23 में कंट्रोल रूम स्थापित कराया गया है। दूरभाष नंबर 0571-2741180 है। कंट्रोल रूम तीन पालियों में संचालित रहेगा, जिसके लिए कार्मिकों को नियुक्त कर दिया गया है। उन्होंने सभी नियुक्त कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि वह कंट्रोल रूम में उपस्थित रहकर जनपद में तैनात जोनल, सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं अन्य अधिकारियों से मिलने वाली शिकायतों का निस्तारण कराएंगे। संवाद
- जिले के 27.67 लाख मतदाता चुनेंगे अपना सांसद
- दूसरे चरण में चुनाव की अधिसूचना 28 मार्च को जारी होगी
- नामांकन 04 अप्रैल व 08 अप्रैल को होगी नाम वापसी