साधु आश्रम स्थित बियर फैक्टरी से देसी शराब की पेटियां लेकर जा रहे ट्रक से टेंपो सवार युवकों ने शराब की पांच पेटियां चुरा लीं। चालक की नजर पड़ने पर उसने शोर मचा दिया। राहगीरों की मदद से पुलिस ने टेंपो सवार दो युवकों को पकड़ लिया। दोनों के पास से शराब की तीन पेटियां बरामद हुई हैं।
साधु आश्रम स्थित बियर फैक्टरी से बुधवार रात एक ट्रक देशी शराब की पेटियां लेकर हरदुआगंज थाने से आगे पहुंचा था। तभी एक टेंपो ट्रक के सामने आ गया। जिससे ट्रक की गति धीमी हो गई। इसी दौरान पहले से तैयार दो युवक पीछे से ट्रक में सवार हो गए।
उन्होंने ट्रक की तिरपाल काटकर पांच शराब की पेटियां निकाल लीं। तभी ट्रक चालक की नजर युवकों पर पड़ गई। उसने शोर मचा दिया और पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस ने आलोक कुमार निवासी मिथिलापुरी देवी नगला थाना महुआखेड़ा, शिवम शर्मा निवासी लाधौआ को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से शराब की तीन पेटियां भी बरामद हुई हैं।