संवाद न्यूज एजेंसी, सासनी।
क्षेत्र के गांव छौड़ा गड्डूआ गांव में तैनात लेखपाल तरुण सेंगर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनका शव घर में मिला। घटना की जानकारी होने पर तहसीलदार अनिल कुमार सासनी सीएचसी पहुंच गए। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा।
गांव बांधनू निवासी तरुण सेंगर कस्बे की संजय कॉलोनी में रहते हैं। तरुण के पिता रणवीर सिंह सेंगर कलेक्ट्रेट में एलआरसी के पद पर तैनात थे। जिनकी चार माह पहले चौपाल सागर के निकट सड़क हादसे मे मौत हो गई थी। पिता की मौत के बाद मृतक आश्रित में दो माह पहले सासनी तहसील में नौकरी मिली थी।
जानकारी के अनुसार तरुण सोमवार की दोपहर तहसील से अपने घर खाना खाने आए थे। तभी उनका शव घर के कमरे में बेहोशी की अवस्था में पड़ा था। आनन-फानन परिजन तरुण को सासनी सीएचसी लेकर आए जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने तरुण के शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए पुलिस को सूचना दी। तहसीलदार अनिल कुमार का कहना है कि घटना बहुत दु:खद है। प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र सिंह राघव का कहना है कि लेखपाल के शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।