आजादी के अमृत महोत्सव के तहत 15 से 17 अगस्त तक नुमाइश के दरबार हॉल एवं कृष्णांजलि सभागार में चित्रकला प्रदर्शनी, रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। 17 अगस्त को शाम सात बजे नुमाइश में कवि सम्मेलन होगा।
जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने मीडिया को बताया कि सोमवार सुबह 10:30 बजे बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह आजादी का अमृत महोत्सव, विभाजन की विभीषिका, केंद्र सरकार के आठ साल पूरे होने पर चित्रकला प्रदर्शनी की शुरुआत करेंगे। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी व शहीदों के परिवारों को सम्मानित किया जाएगा। यहां नृत्य, गायन, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ ही जयपुर के बैंड की विशेष प्रस्तुति होगी।
16 अगस्त की सुबह 10 बजे से प्रभात फेरियों के समापन के साथ विभिन्न बैंडों की प्रस्तुति होगी। कठपुतली शो, मैजिक शो, कॉमेडी शो, देशभक्ति गायन होगा। दोपहर दो बजे ग्राम प्रधानों की बाइक रैली का स्वागत, नृत्य नाटिका, सर्वश्रेष्ठ प्रधानों का सम्मान होगा। 17 अगस्त को सुबह 11 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम, लोकगीत, नौटंकी कार्यक्रम की प्रस्तुति होगी। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिवार पर चर्चा, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं शहीदों के परिजनों का सम्मान किया जाएगा। डीएम ने बताया कि 17 अगस्त को शाम सात बजे से कवि सम्मेलन होगा, जिसमें कवि डॉ. सोम ठाकुर, प्रो. ओमपाल सिंह निडर, प्रेम किशोर पटाखा, व्याख्या मिश्रा, डॉ. अंजना कुमार, प्रख्यात मिश्रा, नरेंद्र शर्मा, रामनरेश पाल, विनय प्रताप सिंह, मंजुल मयंक, महेश मंगल, उमा शंकर राय, राधेश्याम मिश्र, वेद प्रकाश ‘मणि’, डॉ. रणजीत सिंह, उमाशंकर राही, शरदकांत मिश्र, लंकेश आदि कवि भाग लेंगे।