अलीगढ़ में अज्ञात वाहन की टक्कर से एक कांवड़िए की मौत हो गई। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मथुरा के थाना राया क्षेत्र के गांव भूडरी निवासी बच्चू सिंह ने बताया कि वह अपने परिवार के वीरेंद्र सिंह, ओमवीर सिंह, रनवीर सिंह, राजू सिंह, राहुल, पिंटू व रिंकू के साथ रामघाट से कांवड़ लेकर जा रहे थे।
उन्होंने बताया कि रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे कांवड़ लेकर चल रहे रनवीर सिंह (55) को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। पुलिस ने घायल रनवीर को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। यहां से गंभीर हालत में जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।