मंडलायुक्त गौरव दयाल ने कहा कि गभाना तहसील के गांव ख्यामई में प्रस्तावित इंडस्ट्रियल एरिया जल्द विकसित होगा। इसके लिए उन्होंने दो दिन में संयुक्त आयुक्त उद्योग एवं अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग को निरीक्षण कर आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। अधीक्षण अभियंता सिंचाई एवं लोक निर्माण विभाग को समन्वय स्थापित कर महेशपुर फाटक से एटा चुंगी तक सड़क के चौड़ीकरण की कार्रवाई में तेजी लाने के कहा है।
मंडलायुक्त बृहस्पतिवार को कमिश्नरी सभागार में मंडलीय विकास कार्यों की प्रगति समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। आईजीआरएएस में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में राज्य रैंकिंग में अलीगढ़ मंडल तीसरे, जबकि जनपदवार रैंकिंग में कासगंज आठवें, एटा 19वें, अलीगढ़ 26वें एवं हाथरस 61वें पायदान पर रहा। विकास कार्यों में मंडल 14वें, जनपद एटा दूसरे, हाथरस नौवें, अलीगढ़ 26वें एवं कासगंज 60 वें स्थान पर रहा। मंडलायुक्त ने जनप्रतिनिधियों के आने वाले पत्रों का जवाब अनिवार्य रूप से देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों से संवादहीनता की स्थिति नही आनी चाहिए।
डीएम हाथरस एवं एटा के नहर की टेल तक पानी न पहुंचने के सवाल पर एसई सिंचाई चंद्रभान यादव को निर्देशित किया गया कि सही सूचना उपलब्ध कराई जाए। कमिश्नर ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील है, धान की फसल खेतों में खड़ी है, पानी की समस्या नहीं होनी चाहिए।
लोक निर्माण विभाग की समीक्षा में पाया गया कि ओडीआर, एमडीआर, सड़क अनुरक्षण के तहत मंडल में 31 सड़कों पर कार्य हो रहा है, जिसमें अलीगढ़ में 10, एटा में छह, कासगंज मेेें सात एवं हाथरस में आठ पर कार्य प्रगति पर है। मंडल में 18 सेतु का निर्माण चल रहा है।
संयुक्त निदेशक कृषि ने अलीगढ़ में 14, एटा में 9, कासगंज में 16 और हाथरस में 10 सोलर पंप लगाए जाने की जानकारी दी। फसल बीमा योजना में 1001677 किसानों के सापेक्ष 26088 किसान स्वैच्छिक बीमा योजना के तहत बीमित किए गए हैं। लंपी संक्रमण में 12000 प्रतिदिन टीकाकरण के सापेक्ष 6000 टीकाकरण होना बताया गया। मंडलायुक्त ने अपर निदेशक, पशुपालन को टीकाकरण के कार्य में तेजी लाने और लापरवाह के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने पंचायत सचिवालय सक्रिय रूप से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अलीगढ़ शहर में हर घर नल योजना में खोदी गई सड़कों की मरम्मत के लिए एसई जल निगम को निर्देश दिए। विलुप्त हो रही नदियों को लेकर सभी सीडीओ को विशेष कार्य करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में डीएम अलीगढ़ इंद्र विक्रम सिंह, एटा अंकित अग्रवाल, कासगंज हर्षिता माथुर एवं हाथरस रमेश रंजन, संयुक्त विकास आयुक्त सर्वेश चंद्र यादव मौजूद रहे।