महाशिवरात्रि की कांवड़ यात्रा शुरू हो चुकी है। नरौरा गंगा घाट और राजघाट से गंगाजल भर कर कांवड़िये अलीगढ़, मथुरा और राजस्थान के शिवालयों के लिए पैदल चल पड़े हैं। रामघाट रोड पर हरदुआगंज थाने की सीमा में प्रवेश करने के बाद बैरामगढ़ी माइनर के पुल के पास कांवड़ियों को खासी परेशानी हो रही है।
यहां निर्माण कार्य पूरा नहीं होने के कारण पुल एक तरफ से बंद है। जिससे दोनों ओर के वाहन एक ही लेन से गुजर रहे हैं। कांवड़ यात्रा से पहले रामघाट रोड को गड्ढा मुक्त करने, अतिक्रमण हटाने में प्रशासन की सुस्ती सामने आ रही है। यही वजह है कि यात्रा के दो दिन पहले तक पुलिस-प्रशासन इस तरफ ध्यान नहीं दे पाया।
कस्बे में सीएचसी से लेकर बैरामगढ़ी माइनर तक हो रहे अतिक्रमण के चलते कांवड़ियों को सड़क पर सघन यातायात के बीच अपनी यात्रा करनी पड़ रही है। बैरामगढ़ी पुल पर लगने वाला जाम भी उनके रास्ते की बड़ी बाधा बना है। जिसकी वजह बैरामगढ़ी माइनर पर नए पुल के निर्माण में हो रही देरी है।
सिंचाई विभाग ने देर से पानी रोका तो काम लेट हुआ
पुल निर्माण में देरी को लेकर पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड के अवर अभियंता अनवर आलम ने बताया कि सिंचाई विभाग ने माइनर का पानी प्रस्तावित समय पर नहीं रोका, वरना पर बीते माह पुल बन जाता। मंगलवार को पुल का लिंटर डाला गया है।
प्रशासन की सुस्ती से हुई समस्या
भाजपा मंडल अध्यक्ष मनोज भारद्वाज का कहना है कि ये प्रशासनिक अदूरदर्शिता का परिणाम है कि शिवरात्रि जैसे महत्वपूर्ण त्योहार पर समय से पुल नहीं बन पाया। सड़क में गढ्ढे हैं। जगह जगह अतिक्रमण के कारण कावंड़ियों को परेशानी हो रही है। समय से काम पूरा कराया जाता तो कांवड़ियों को सुगम रास्ता मिलता।
थाने के बाहर कीचड़ पर डाली मिट्टी
हरदुआगंज थाने के बाहर हो रहे कीचड़ और जलभराव भी समस्या बन चुका है। नगर पंचायत की टीम ने दोपहर में कीचड़ पर मिट्टी डलवाई। इसके बाद कांवड़ियों को राहत मिली और सेवा शिविर लगाने वाले सेवादारों को साफ जगह मिल सकी।