महानगर के गूलर रोड मित्र नगर इलाके में बृहस्पतिवार देर शाम नामचीन समाचार पत्र संचालक के घर में घुसे बदमाशों ने परिवार को बंधक बनाकर लूट को अंजाम दे डाला। इस घटना में परिवार को जान से मारने की धमकी देकर चार बदमाश दो लाख रुपये नकद व कई लाख रुपये कीमत के जेवरात ले गए। जाते समय बदमाश घर में लगे सीसीटीवी का डीवीआर तक ले गए। इस खबर पर एसएसपी सहित आला पुलिस अधिकारी व पूर्व विधायक सहित तमाम भाजपाई मौके पर पहुंच गए। घर के बाहर लगे सीसीटीवी में तीन बदमाशों के चेहरे कैद हुए हैं। जिनकी तलाश में पुलिस की टीमें लग गई हैं।
शहर के कई दशक पुराने समाचार पत्र संचालक का परिवार गूलर रोड मित्र नगर में रहता है। वहीं से दैनिक समाचार पत्र भी प्रकाशित होता है। इसी परिवार के छोटे बेटे संजय नवरत्न रोड साइड वाले मकान में रहते हैं। मकान में नीचे प्रेस व उनका दफ्तर है, जबकि ऊपर रिहायश है। वाकये के अनुसार शाम करीब साढ़े सात बजे संजय दफ्तर में बैठकर अखबारी काम में व्यस्त थे। उनकी 22 वर्षीय बेटी कीर्ति भी वहां मौजूद थी। तभी मुंह पर मफलर लपेटे तीन बदमाश अंदर घुस आए और आते ही बेटी पर तमंचा तान दिया।
इसके बाद संजय को भी कब्जे में किया और दोनों को डराते धमकाते हुए ऊपर वाले हिस्से में ले गए। जहां उनकी पत्नी शालिनी मौजूद थीं। इसके बाद तीनों को साथ लाए टेप आदि से मुंह व हाथ पांव बांध दिए। फिर तिजोरी की चाभी मांगी। शुरुआत में संजय ने कपड़ों वाली सेफ दिखाई तो बेटी व पत्नी को गोली मारने की धमकी दी। इस पर उन्होंने तिजोरी की चाभी दे दी। इस पर उसकी तलाशी लेकर दो लाख रुपये, कई लाख रुपये कीमत के जेवरात ले गए। जाते समय बदमाश मोबाइल तो छोड़ गए, मगर दफ्तर में लगे सीसीटीवी का डीवीआर साथ ले गए। बदमाश करीब 20 से 25 मिनट में घटना को अंजाम देकर चले गए। इस दौरान चौथा बदमाश घर के दरवाजे पर चौकीदारी करता रहा।
डीजीपी मुख्यालय तक पहुंची सूचना, एसएसपी मौके पर
बदमाशों के जाने के बाद खुद को बंधनमुक्त कर संजय ने शोर मचाया तो बगल में उनके बड़े भाई व समाचार पत्र के संपादक अशोक नवरत्न रहते हैं, वे आ गए। उन्होंने तत्काल इस घटना की सूचना जिला पुलिस के साथ-साथ डीजीपी कंट्रोल रूम को दे दी। इसके बाद अधिकारियों के फोन बजने लगे। कुछ ही देर में एसएसपी कलानिधि नैथानी, एसपी सिटी कुलदीप सिंह गुणावत, सीओ द्वितीय, इंस्पेक्टर बन्नादेवी, देहली गेट, फॉरेंसिक टीम, एसओजी आदि पहुंच गई। बाद में पूर्व विधायक संजीव राजा, भाजपा महानगर अध्यक्ष विवेक सारस्वत आदि भी आ गए।
इस दौरान भाजपा नेताओं ने कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए और कहा कि इस घटना का बहुत जल्द खुलासा होना चाहिए। पूर्व विधायक ने कहा कि यह योगीराज है। यहां बदमाशों को एन्काउंटर की भाषा में समझाया जाता है। इस घटना में भी ऐसा ही होना चाहिए। वहीं भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पिछले कुछ दिन में इस तरह की यह दूसरी वारदात है। पिछले दिनों भाजपा नेता मनीष राय के यहां चोरी में भी बदमाश डीवीआर ले गए थे। घटना का जल्द खुलासा होना चाहिए।
बेटी की शादी की थी तैयारी, 20 लाख होगी माल की कीमत
इस घटना को लेकर संजय नवरत्न ने बताया कि वे अपनी बेटी की शादी की तैयारियों में जुटे थे। बहुत जल्द रिश्ता तय होने वाला था। इसी क्रम में वे नकदी व जेवरात घर में एकत्रित कर रहे थे। हालांकि उन्होंने तहरीर में दो लाख रुपये व जेवरात जाने का उल्लेख किया है। मगर मौखिक तौर पर वह लूटे गए नकदी व माल की कीमत 18 से 20 लाख रुपये मान रहे हैं। उन्होंने बताया कि बदमाश बार-बार बेटी व पत्नी को गोली मारने की धमकी दे रहे थे। एक मर्तबा उन्होंने कपड़ों की तिजोरी दिखा दी तो उन्होंने उनकी पत्नी के घुटनों पर वार किया, जिससे उनके चोट भी आई। इसी डर में उन्होंने तिजोरी की चाभी दे दी। वे खुद पुलिस को पूरा वाकया बताते हुए सहम गए।
रैकी के बाद लूट, बाहर खुले थे चेहरे
इस घटना में पुलिस की अब तक की जांच में मोहल्ले में लगे सीसीटीवी में तीन चेहरे कैद हुए हैं। वे शाम को दिन छिपने से पहले गली में घूम रहे हैं। उनमें से एक को संजय ने पहचाना है, जिसका मफलर घटना के दौरान चेहरे से हटा था। पुलिस जांच में माना जा रहा है कि बदमाश पहले से घर की रैकी कर रहे थे। पुलिस ने इन बदमाशों के चेहरे सोशल मीडिया पर डालकर इनकी सूचना देने वालों को इनाम देने की घोषणा की है।
घटना के संबंध में पुलिस की पांच टीमों को लगाया गया है। मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द से जल्द घटना का खुलाया किया जाएगा। - कुलदीप सिंह गुणावत, एसपी सिटी