कोतवाली छर्रा के गांव खुलावली में पकड़ी गई जेसीबी और ट्रैक्टर। संवाद
- फोटो : SamVAD
थाना कोतवाली छर्रा क्षेत्र के गांव खुलावली में प्रशासन और पुलिस की टीम ने छापा मार कर अवैध खनन रुकवाया। सोमवार सुबह हुई इस कार्रवाई में आठ ट्रैक्टर और एक जेसीबी को सीज कर दिया गया। छह चालकों को पकड़ कर थाने लाया गया। तीन चालक फरार हो गए।
सोमवार सुबह लगभग पांच बजे एसडीएम अतरौली अनिल कटियार को सूचना मिली कि गांव खुलावली में मिट्टी का अवैध खनन हो रहा है। एसडीएम ने नायब तहसीलदार मयंक गोयल को गांव भेजा। नायब तहसीलदार कोतवाली छर्रा पुलिस को साथ लेकर मौके पर पहुंचे। एक जेसीबी, मिट्टी से भरे आठ ट्रैक्टर एवं छ: चालकों को पकड़ थाने ले आए। जेसीबी और आठ ट्रैक्टरों को सीज कर दिया गया।
छह चालकों संजय पुत्र रमेश चन्द्र, रिंकू पुत्र दरयाब सिंह, आकाश पुत्र रवेंद्र निवासीगण शाहजहांपुर बैजना, राजीव पुत्र छत्रपाल, उपेंद्र पुत्र बल्लू सिंह निवासीगण मऊपुर बहादूरपुर, अंकित पुत्र भरत सिंह निवासी नौगवां को बंदी बनाया गया। तीन चालक मौके से फरार हो गए। कोतवाली निरीक्षक बालेंद्र सिंह ने बताया कि संयुक्त टीम के साथ ही खनन पर रोक लगाई गई है।