सर्किट हाउस में बिजली अधिकारियों के साथ बैठक करते ऊर्जा राज्यमंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर
- फोटो : अमर उजाला
सूबे के विद्युत राज्य मंत्री सोमेंद्र तौमर द्वारा शुक्रवार को यहां की गई विभागीय समीक्षा बैठक के दौरान तमाम समस्याएं जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गईं। इस दौरान प्रश्न खड़ा किया गया कि जब राजस्व वसूली में अलीगढ़ शहर क्षेत्र नंवर वन है तो फिर सुविधाओं में भी होना चाहिए। इस दौरान मंत्री ने भी अधिकारियों के समक्ष सवाल रखा कि जब 2017 से 2022 तक काम बेहतर होता आया है, तो फिर समस्याएं क्यों। उन्होंने रिवेंप योजना में ज्यादा से ज्यादा काम कराने व शिकायतों को निस्तारित कराने पर जोर दिया।
बिजली राज्य मंत्री यहां एबीवीपी के कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। इसी दौरान उन्होंने सर्किट हाउस में जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों संग विभागीय समीक्षा की। इस दौरान शुरुआत बिजली की समस्या व शिकायत से हुई। यहां बताया की नलकूप पर मीटर लगाने पर किसानों में रोष है। साथ में स्टोर में उपकरण व मीटर उपलब्ध नहीं हैं। इस पर उन्होंने रिवेंप स्कीम में मीटर व उपकरण की समस्या दूर होने की बात कही।
इसके अलावा बिलिंग प्रतिशत बढ़ाने पर जोर दिया। यहां विधायक अनिल पाराशर ने रिवेंप स्कीम में अधिक से अधिक ट्रांसफारमर पर लोड बढ़ाने व लाइनों को दुरुस्त कराने पर जोर दिया। कहा कि यह काम गर्मी से पहले हो जाए तो बेहतर रहेगा। इस दौरान चेकिंग व चोरी के नाम पर अनावश्यक परेशान न किए जाने, मनमाने तरीके से मुकदमे न लिखवाए जाने आदि पर भी चर्चा हुई। कुछ उदाहरण भी पेश किए गए। इस मौके पर जिले के सभी विद्युत अधिकारी शहर विधायक मुक्ता संजीव राजा, एमएलसी मानवेंद्र सिंह, पूर्व विधायक संजीव राजा आदि मौजूद रहे।
बिना भुगतान फिर शुरू किए जाएं नलकूप संयोजन
इस मौके पर एमएलसी मानवेंद्र सिंह की ओर से एक पत्र बिजली मंत्री को दिया गया। जिसमें उल्लेख है कि प्रदेश में 8 माह पूर्व नलकूप संयोजन काटकर उनकी बिलिंग बंद कर दी गई। अब वहां मीटर लगाकर संयोजन दिए जा रहे हैं। उन उपभोक्ताओं को अधिक परेशानी हो रही है, जिन पर भारी भरकम बकाया था। अब उन्हें नए सिरे से शुरू नहीं किया जा सकता। अब उन्हें नया संयोजन ही लेना पड़ेगा। उसके लिए भारी भरकम भुगतान करना पड़ेगा। इनमें अधिकांश ऐसे भी हैं जो अपना बकाया जमा करना चाहते हैं। ऐसे में किसानों पर बोझ न डालते हुए कुछ ऐसी व्यवस्था की जाए कि बकाया लेकर उनके पुराने संयोजन शुरू कर दिए जाएं।
मंत्री के आने से पहले सुबह बिजली ने किया परेशान
शहर में दोपहर में बिजली मंत्री को आना था। उससे पहले सुबह में स्वर्ण जयंती नगर बिजली घर से पोषित स्वर्ण जयंती नगर इलाके में कुछ देर की आपूर्ति कटौती रही। हालांकि कटौती ज्यादा देर नहीं रही। किसी तकनीकी कमी से कुछ देर को आपूर्ति बाधित रही, जिसे आनन फानन दुरुस्त कराया गया।