अलीगढ़ के इगलास कोतवाली की हस्तपुर चौकी इलाके के गांव भौंरा गौरवा में एक व्यक्ति ने पत्नी की पीट-पीट कर बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शव का पोस्टमार्टम कराने के साथ ही रिपोर्ट दर्ज की गई है। बताया जाता है कि आरोपी ने शराब के नशे में पत्नी के साथ डंडे से मारपीट की थी।
भौंरा गौरवा निवासी श्रीपाल की शादी गाजियाबाद की प्रवेश के साथ करीब 15 साल पहले हुई थी। दंपती पर तीन बेटे हैं। सोमवार को प्रवेश देवी (37) अपने मायके से ससुराल आई थी। मंगलवार की सुबह उसका शव घर पर रखा हुआ था। शव पर चोटे के निशान बने हुए थे। मौत की सूचना पर मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए।
मायके पक्ष ने पहले किसी कानूनी कार्रवाई से इंकार कर दिया। सूचना पर कोतवाल विजय सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। देर रात्रि को महिला का अंतिम संस्कार करने के बाद भाई देवी चरन पुत्र सत्यवीर सिंह निवासी मकान नं. 762, सेक्टर नौ, पुराना विजयनगर थाना गाजियाबाद ने बहनोई श्रीपाल पुत्र स्व. विजयपाल के खिलाफ पीट-पीट कर बहन की हत्या करने का मामला दर्ज कराया है।
बताया जाता है कि रात्रि में पति ने शराब के नशे में महिला के साथ डंडे से जमकर मारपीट की। महिला के साथ बेरहमी से हुई मारपीट के कारण मौत हो गई। कोतवाल विजय सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम में मौत का कारण सर में चोट लगने से आया है। आरोपी पति को पुलिस टीम के साथ घटना के कुछ घंटे बाद ही दबिश देकर गिरफ्तार किया गया है। आरोपी पति के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जेल भेजा जाएगा।