मृतक रोहन सिंह का फाइल फोटो। संवाद
- फोटो : HATHRAS
संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
बुधवार को मुरसान रोड पर हुए सड़क हादसे में एक फाइनांस कंपनी के कर्मचारी की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। युवक मुरसान से आगरा लौट रहा था।
आगरा के नगला किशनलाल निवासी रोहन सिंह पुत्र बालकिशन बुधवार की शाम बाइक पर सवार होकर मुरसान से सादाबाद के रास्ते आगरा लौट रहा था। मुरसान रोड पर अग्निशमन केंद्र के निकट अज्ञात वाहन ने रोहन की बाइक में टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई।
ग्रामीणों की मदद से एंबुलेंस से उसे स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाइक सवार की जेब से मिले ड्राइविंग लाइसेंस के आधार पर उसकी पहचान की गई। दुर्घटना के संबंध में परिजनों को भी सूचना दे दी गई है। परिजनों के पहुंचने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।