न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुरसान (हाथरस)
कस्बा के आर्य समाज रोड पर शुक्रवार सुबह पिकअप गाड़ी में लादकर भैंस ले जा रहे व्यापारियों के साथ कुछ लोगों ने पशु चोर समझकर मारपीट कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पिकअप से भैंसों को नीचे उतरवाकर व्यापारियों और लोगों से पूछताछ की।
लोगों ने बताया कि बृहस्पतिवार रात उनके क्षेत्र से बदमाश भैंस चोरी कर ले गए हैं। शुक्रवार सुबह उन्हें बिना नंबर की पिकअप से कुछ लोग भैंस ले जाते दिखाई दिए। पशु चोरों की पिकअप समझकर लोगों ने उसे रुकवा लिया और व्यापारियों के साथ मारपीट कर दी। पुलिस ने लोगों से भैंसों की पहचान कराई, जिसमें चोरी की एक भी भैंस नहीं थी।
बाद में पुलिस ने व्यापारियों को छोड़ दिया। कोतवाली प्रभारी श्याम सिंह का कहना है कि इगलास क्षेत्र में भैंस चोरी हुईं थी। इसे लेकर गांव के कुछ लोगों ने भैंस से लदी पिकअप गाड़ी को रुकवाने की कोशिश की थी। लेकिन चालक ने गाड़ी को नहीं रोका। जिसके चलते लोग गाड़ी का पीछा करते हुए मुरसान तक आ गए। उनकी व्यापारियों से मारपीट भी हो गई थी। संवाद