बच्चे की मौत के बाद हंगामा करते लोग। संवाद
- फोटो : MURSAN
संवाद न्यूज एजेंसी, मुरसान।
मथुरा रोड रेलवे स्टेशन के सामने सड़क किनारे रविवार की देर शाम को ट्रक ने एक दस वर्षीय बालक को कुचल दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने ट्रक को ईंट-पत्थर व लाठी से क्षतिग्रस्त कर दिया है। पुलिस ने परिजनों को समझा कर बालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार नई बस्ती मुरसान निवासी बृज किशोरी के पुत्र हिमांशु (10) रविवार की शाम को मथुरा मार्ग की ओर से अपने घर साइकिल से आ रहा था। उसी दौरान पीछे से ट्रक ने उसे कुचल दिया। हादसे की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंच गए। सड़क पर शव पड़े होने की वजह से काफी देर तक जाम की स्थिति बन गई।
घटना की सूचना मिलते ही मुरसान कोतवाल श्याम सिंह व ट्रेनी सीओ डॉ. आनंद कुमार मौके पर आ गए। मौत के बाद गुस्साऐं लोगों ने ट्रक में तोड़फोड़ कर दी। पुलिस ने लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया है।
पुलिस ने ट्रक के चालक, परिचालक को हिरासत में ले लिया है। बता दें कि करीब एक साल पहले बृजकिशोर के डेढ़ वर्षीय बेटे प्रेम की करंट लगने से मौत हो गई थी। बृजकिशोर के तीन बेटे थे। जिनमें अब एक बेटा प्रयांशु ही बचा है।