जीएसटी एसआईबी की टीमों ने मंडल के चारों जिलों सहित मथुरा में संदिग्ध वस्तुओं के परिवहन की धरपकड़ का अभियान चलाया। इस दौरान अलीगढ़ और मथुरा में करीब आधा दर्जन वाहनों को संदिग्ध माल का परिवहन करते पकड़ा। जिन पर 20.75 लाख रुपये की जीएसटी जमा कराई।
जीएसटी के एडिशनल कमिश्नर एसआईबी ग्रेड दो डॉ. एसएस तिवारी के निर्देश पर अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज व एटा में अभियान चलाया गया। मथुरा व अलीगढ़ में आधा दर्जन से अधिक वाहनों को सुपारी, पान मसाला, लोहा, स्क्रैप सहित अन्य सामग्री के वाहनों को पकड़ा। इनके दस्तावेजों में कमी पाए जाने पर कार्रवाई की गई है।
यह वाहन विभिन्न राज्यों से बिहार, कोलकाता, यूपी, पंजाब व हरियाणा के लिए जा रहे थे। एडिशनल कमश्रिर ग्रेड दो डॉ. एसएस तिवारी ने बताया कि करापंवचन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। अलीगढ़ में एसआईबी की दोनों रेंज ने लक्ष्य पूरा कर लिया है। प्रत्येक रेंज का लक्ष्य 1.70 करोड़ मासिक है। महीने के अंत से पहले ही लक्ष्य पूरा कर लिया गया है। बताया कि सचल दल की इकाईयों को सक्रिय किया गया है, जिसमें 20.75 लाख रुपये का टैक्स जमा कराया गया है। टोल टैक्स और हाईवे पर टीमों को लगाया गया है। संवाद