बिना बिल बिल्टी के ताला-हार्डवेयर उत्पाद गैर प्रांतों को भेजने वाली ट्रांसपोर्ट कंपनी वाणिज्यकर के निशाने पर हैं। इसी क्रम में मंगलवार रात एसआईबी टीम ने शाहजमाल की गुडविल ट्रांसपोर्ट के चार ठिकानों पर छापा मारा। इस दौरान अलग अलग जगहों से कई लाख रुपये कीमत का कुल 239 नग माल बिना बिल बिल्टी के जब्त किया गया है। साथ में एक ट्रक में 40 नग भी सीज किए गए हैं, अब इस पूरे माल की जांच जारी है।
वाणिज्य कर विभाग के एडिशनल कमिश्नर ग्रेड एक आरएन शुक्ला, एडिशनल कमिश्नर एसआईबी ग्रेड दो अनूप माहेश्वरी के निर्देश पर डिप्टी कमिश्नर पंकज कुमार सिंह ने एक साथ चार टीमें लेकर रात 12 बजे चार ठिकानों पर छापा मारा। इसमें शाहजमाल, एडीए कालोनी, तुर्कमान गेट व सराय सुल्तानी के चार ठिकानों पर छापा मारा गया।
इन चारों जगहों से ताला, हार्डवेयर व अन्य इलेक्ट्रानिक व वायरिंग उत्पाद बिना बिल बिल्टी के मिला। इस दौरान शाहजमाल से 79 में से 25 नग बिना बिल बिल्टी के, तुर्कमान गेट गोदाम पर 130 में से 25 नग में बिल के, एडीए कालोनी में 23 नग बिना बिल के, सराय सुल्तानी में 97 नग में से 57 नगर बिना बिल के मिले।
यहां गोदाम में ट्रक में 40 नगर माल भी पकड़ा गया। यह पूरा माल दिल्ली, दक्षिण के राज्यों व कोलकाता आदि के लिए बुक था। इस तरह कुल 239 नग माल बिना बिल के मिला है। फिलहाल गोदामों से मिले नग व ट्रक में मिले नगों की जांच शुरू कर दी है।
ये जिन फर्मों का माल है, उन्हें भी रडार पर लिया गया है। इस संबंध में डीसी एसआईबी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि गुडविल के चार ठिकानों पर जो माल सीज किया गया है। उसे जांचा जा रहा है। इससे जुड़ी कई फर्में भी जांच की जद में हैं। उसी अनुसार आगे कार्रवाई तय की जाएगी।