एएमयू परिसर में स्थित एनसीसी कार्यालय का निरीक्षण करते मेजर जनरल एसएम बीएसएम व एडीजी एनसीसी संज?
- फोटो : CITY OFFICE
राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के अतिरिक्त महानिदेशक मेजर जनरल संजय पुरी ने कहा कि यूपी बोर्ड के हाईस्कूल और इंटर में एनसीसी को वैकल्पिक विषय के रूप में पढ़ाना एक अच्छी पहल है। उम्मीद है कि जल्द ही एनसीसी एक अनिवार्य विषय भी बन जाएगा।
बुधवार को वह एनसीसी मुख्यालय अलीगढ़ के दौरे पर आए थे। उन्होंने एएमयू स्थित आठवीं यूपी बटालियन एनसीसी के कार्यालय में पत्रकारों से कहा कि एनसीसी के ग्राफ को और बेहतर करने का प्रयास किया जा रहा है। एनसीसी का उद्देश्य युवा पीढ़ी के बीच चरित्र, अनुशासन, लीडरशिप, निस्वार्थ सेवा करने की भावना का विकास करना है। एक अच्छा इंसान बनाना, जो समाज की जरूरतों को समझें।
मेजर जनरल संजय पुरी ने कहा कि एनसीसी मुख्यालय अलीगढ़ बेहतर कार्य कर रही है, इसलिए उसे प्रोत्साहित करने आए हैं। उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों से सलामी ली। इसके बाद कार्यालय का निरीक्षण कर प्रांगण में पौधा रोपा। इस मौके पर एनसीसी ग्रुप मुख्यालय अलीगढ़ के ग्रुप कमांडर बिग्रेडियर एसएस भोगल, आठवीं यूपी बटालियन एनसीसी के कमान अधिकारी कर्नल आरके सांगवान, सूबेदार देवी सिंह, एनसीसी अफसर कैप्टन अरुण कुमार सिंह, पंकज कुमार मौजूद रहे।