नगर पंचायत के सामने स्थित कॉलोनी में 6 फरवरी को हुई चोरी के मामले में पुलिस ने चार चोरों और आभूषण खरीदने वाले सुनार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि चोरी का माल बरामद कर जल्द घटना का खुलासा किया जाएगा।
बता दें कि जवां क्षेत्र के पड़का गांव निवासी मदन कुमार कस्बे के बगीची रोड पर एक किराये के मकान में रहते हैं। 6 फरवरी की सुबह वह घर का ताला लगाकर पारिवारिक कार्यक्रम में गांव चले गए। दोपहर में लौटने पर घर का ताला टूटा मिला। अंदर से छह लाख कीमत के जेवरात और 90 हजार रुपये नकद गायब थे। मामले में पीड़ित ने अज्ञात चोरों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने 7 मार्च को अलीगढ़ के दो चोरों समेत मेरठ के दो चोरों को भी गिरफ्तार कर लिया। जिनमें से मेरठ क्षेत्र के एक गांव का सुनार नौशाद भी है। उसने 58 हजार का माल 35 हजार में खरीदने की बात कही है।