महानगर के थाना गांधीपार्क क्षेत्र के धनीपुर मंडी इलाके में अवैध रूप से ऑटो में एलपीजी गैस रिफिलिंग करने के मामले में पूर्ति विभाग की ओर से एक व्यक्ति पर मुकदमा दर्ज कराया गया है।
क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी कुलदीप जैन की ओर से दर्ज कराए मुकदमे में आरोप है कि उन्हें मंगलवार को मोबाइल फोन के वाट्सएप के माध्यम से पूर्ति कार्यालय द्वारा फोटो भेजकर सूचना दी कि धनीपुर मंडी, गांधीपार्क के पास किसी व्यक्ति द्वारा गैस रिफिलिंग का कार्य किया जा रहा है। थाने के बराबर गली कुंवर नगर में भवन स्वामी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि मानव गुप्ता निवासी संजय गांधी कॉलोनी ने किराए पर दुकान ले रखी है, जिसमें घरेलू गैस सिलिंडर और ऑटो में गैस रिफिलिंग का कार्य करता है।
मानव गुप्ता को मौके पर बुलाया गया मगर, वह नहीं आया। इस पर दुकान को खोला गया तो वहां से आठ भरे एवं नौ खाली घरेलू गैस सिलिंडर बरामद हुए। इन्हें सीज कर दिया गया है। मानव गुप्ता के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है। संवाद