नवंबर-दिसंबर में प्रस्तावित निकाय चुनाव को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। रैपिड सर्वे और परिसीमन के बाद वार्डों का नए सिरे से गठन का कार्य पूरा कर लिया गया है। नगर निगम में वर्ष 2017 में 70 वार्ड बनाए गए थे। अब 35 गांवों को नगर निगम सीमा विस्तार में शामिल किया गया है।
इसके चलते नगर निगम में 20 वार्ड बढ़ाए गए हैं। अब वार्डों की संख्या 90 हो गई है। नगर निगम क्षेत्र में 783 बूथों पर मतदान होगा। वहीं, नव सृजित सात नगर पंचायतों में भी परिसीमन की प्रक्रिया करीब-करीब पूरी हो चुकी है। हालांकि, चंडौस एवं कौड़ियागंज नगर पंचायत में वार्डों की संख्या को लेकर कुछ असमंजस की स्थिति है। परिसीमन पर अंतिम मुहर शुक्रवार तक लगने की संभावना है।
वर्ष 2017 में अंतिम नगरीय निकाय चुनाव संपन्न हुए थे। जिले में कुल 12 निकाय क्षेत्र थे। इसमें नगर निगम, दो नगर पालिका व नौ नगर पंचायत शामिल थीं। ग्राम पंचायतों की संख्या 902 थी, लेकिन नगरीय निकाय के कुछ दिनों बाद ही प्रदेश सरकार ने शहरी सीमा से सटी 19 ग्राम पंचायतों को नगर निगम में शामिल करने की घोषणा कर दी।
कुछ दिन पहले जिले की 16 और ग्राम पंचायतों को नगरीय निकाय में शामिल कर दिया गया। कुल सात नई नगर पंचायत बनाई गई हैं। ऐसे में अब जिले में नगरीय निकायों की संख्या 19 हो गई है। इनमें 16 नगर पंचायत, दो नगर पालिका व नगर निगम शामिल हैं, जबकि ग्राम पंचायतों की संख्या 867 रह गई।
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी कौशल कुमार ने बताया कि नगर निगम में 90 वार्ड बनाए गए हैं। नगर पालिका खैर और अतरौली में 25-25 वार्ड बनाए गए हैं। इसमें नगर पंचायत चंडौस में सीमा विस्तार के बाद 11 वार्ड के स्थान पर 14 वार्ड बनाए जा सकते हैं।
इसी तरह कौड़ियागंज नगर पंचायत में 15 के स्थान पर 18 वार्ड बनाए जाने की संभावना है। उन्होंने बताया कि नगर निकाय के हिसाब से मतदान के लिए मतदेय स्थल भी तय कर लिए गए हैं। उन्होंने बताया कि संबंधित नगर निकायों में बीएलओ के माध्यम से मतदाता सूचियों को दुरुस्त करने के लिए मतदाताओं का घर-घर जाकर सत्यापन किया जाएगा।
पहली बार चुनेंगे चेयरमैन, सभासद
जिले की सात नव सृजित नगर पंचायत चंडौस, मडराक, जवां-सिकंदरपुर, टप्पल, पिसावा, बरौली व गभाना के मतदाता पहली बार चेयरमैन एवं सभासद के लिए अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसके लिए रैपिड सर्वे के साथ फिलहाल परिसीमन की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। स्थानीय निकायों का कार्यकाल अब अंतिम दौर में है। इस वर्ष के अंत तक निकायों का कार्यकाल खत्म हो जाएगा। ऐसे में प्रशासन चुनाव की तैयारियों में जुट गया है।
निकाय का नाम वार्ड मतदेय स्थल
नगर निगम अलीगढ़ 90 783
नपा अतरौली 25 53
नपा खैर 25 35
नपं बेसवां 10 10
नपं छर्रा - 15, 25
नपं इगलास- 15, 12
नपं जट्टारी- 13, 18
नपं कौड़ियागंज- 15, 12
नपं जलाली- 15, 20
नपं विजयगढ़- 10, 10
नपं पिलखना - 10, 10
नपं हरदुआगंज- 11, 13
नपं चंडौस - 14, 15
नपं पिसावा- 12, 15
नपं गभाना - 15, 22
नपं टप्पल- 13, 17
नपं बरौली - 14, 18
नपं जवां - सिंकंदरपुर - 14, 18
नपं मडराक - 15, 25