सासनी गेट क्षेत्र के जयगंज में संपत्ति के बंटवारे को लेकर चल रहे विवाद में तयेरे भाई द्वारा दखल देने पर फाइनेंसकर्मी ने फायरिंग कर दी। गोली नौ साल के भतीजे के पैर में जा लगी। घायल को जेएन मेडिकल कॉलेज में भरती कराया गया है। परिवार की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जयगंज सासनी गेट के अजय कुमार गुप्ता की स्कूली बच्चों के टाई-बेल्ट बिक्री की दुकान है। अजय के चाचा राकेश कुमार गुप्ता के बेटे राहुल व मनीष के बीच संपत्ति के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा है। इस विवाद में कई बार अजय ने दखल देते हुए मध्यस्थता का प्रयास किया है।
इसी विवाद में पेशे से फाइनेंसकर्मी मनीष अपने साथी संग शनिवार देर रात तयेरे भाई अजय के घर पहुंच गया और तमंचे से कई राउंड फायरिंग कर दी। हालांकि इस हमले में अजय तो बच गया। मगर बगल में बैठे अजय के 9 वर्षीय बेटे अरनब के पैर को चीरते हुए गोली निकल गई।
इसके बाद मनीष भाग गया। तत्काल अरनब को पहले जिला अस्पताल और बाद में मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। सीओ प्रथम अशोक कुमार सिंह के अनुसार बच्चे की हालत खतरे से बाहर है। मामले में अभी तहरीर ली गई है, जिसमें मनीष व एक अन्य प्रशांत पर नामजद आरोप है। मुकदमा दर्ज देर रात दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। उनसे घटना को लेकर पूछताछ जारी है।