महानगर के देहली गेट सराय मियां में सोमवार को महिला की मौत पर जनाजा कब्रिस्तान जाने से पहले ससुराली व मायके वाले दहेज के सामान के लिए भिड़ गए। इस दौरान हाथापाई तक की नौबत आ गई। बाद में पुलिस ने पहुंचकर मामला शांत कराया। देर शाम दोनों में समझौता हो गया।
सराय मियां की 32 वर्षीय शिवा की शादी दो वर्ष पूर्व हाजी रईस संग हुई थी। बीमारी के चलते सोमवार को महिला की मौत हो गई। इसी बीच अंतिम संस्कार से पहले मायके पक्ष के लोग भी आ गए और दहेज में दिया गया सामान मांगने लगे। इसी बात पर वहां विवाद हो गया। ससुरालियों ने सामान देने से इंकार कर दिया। इसी विवाद में वहां मारपीट हो गई। किसी तरह पुलिस ने पहुंचकर विवाद शांत किया। इंस्पेक्टर ने बताया कि दोनों पक्षों में समझौता हो गया।