झमाझम बारिश से शहर की बिजली व्यवस्था पटरी से उतर गई है। शहर के कई इलाकों में देर रात तक बिजली गुल रही। व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में लगे विद्युतकर्मी बारिश के आगे हांफते नजर आए।
मंगलवार शाम से लगातार पड़ रही बारिश से शहर की बिजली व्यवस्था ठप हो गई हैं। बुधवार तड़के से ही जगह-जगह फॉल्ट की समस्याएं सामने आई। सुबह सात बजे एटा चुंगी स्थित ट्रांसफार्मर में आग लग गई। जिसके कारण एटा चुंगी बाईपास, नौरंगाबाद और इससे सटे इलाकों की बिजली गुल हो गई। आग की सूचना पर कर्मचारियों के हाथ पांव फूल गए।
जैसे-तैसे दोपहर बाद वहां बिजली आपूर्ति सुचारू हो पाई। इसके अलावा एलमपुर बिजलीघर में तकनीकी गड़बड़ी के कारण कई घंटों तक परेशानी रही। लाल डिग्गी स्थित 33 केवी लाइन में सुबह 9.30 बजे फॉल्ट हो गया। भदेसी, नगला पला, सूर्य बिहार में सुबह 6 बजे से बिजली नहीं थी। बारिश हल्की होने के बाद करीब 11 बजे लोगों ने इसकी सूचना विभाग को दी। तब जाकर शाम को बिजली चालू हो पाई।
शाम 4.30 बजे एलमपुर बिजलीघर में सीटी उपकरण में अचानक ब्लास्ट हो गया। जिसके कारण बरौला, जीटी रोड इलाके में बत्ती गुल रही। देर शाम तक काम जारी था। स्वर्णजयंती नगर में 33 केवी लाइन में सुबह 6 बजे फॉल्ट हो गया। करीब 12 बजे के बाद इसकी सूचना कर्मचारियों को मिली। इसके अलावा श्याम नगर, सुरेंद्र नगर, क्वार्सी, शाहजमाल, देहलीगेट, सासनीगेट, खैर रोड, नादा पुल आदि इलाकों में भी बिजली संकट रहा।
वोल्टेज कम और ट्रिपिंग की समस्या
बारिश के दौरान बुधवार को दिनभर वोल्टेज कम और ट्रिपिंग की समस्या बनी रही। वैशाली पुरम, एलमपुर में कम वोल्टेज की समस्या बनी रही। वहीं मांमू भांजा, मानिक चौक, पड़ाव दुबे, घुडिया बाग, गूलर रोड, शक्ति नगर, मसूदाबाद, बेगमबाग आदि इलाकों में बार-बार ट्रिपिंग से लोग परेशान रहे।