हंगामा कर रहे किसानों को समझाते सचिव व स्थानीय पुलिस। संवाद
- फोटो : Samvad
कस्बे में क्षेत्रीय सहकारी समिति के गोदाम पर डीएपी को लेकर सुबह से किसानों की भीड़ जुट गई। किसानों का कहना है कि जरूरत के हिसाब से डीएपी नहीं मिल पा रही है, जिससे रबी की फसल की बुवाई लेट हो रही है। समिति के गोदाम पर ज्यादा हंगामा होने पर सचिव द्वारा समिति के सदस्यों को ही डीएपी खाद देेने की बात कही गई तो किसान भड़क गए।
हंगामा देख सचिव ने पुलिस बुला ली। किसी तरह से किसानों को शांत किया गया। कतार लगवाकर एक किसान को एक से दो बोरे डीएपी दी गई। नैनो यूरिया भी साथ दिया जाने लगा तो किसानों ने विरोध किया। शिकायत की तो एसडीएम गभाना ने तहसीलदार गभाना अवनीश कुमार को भेजा। उन्होंने वितरण शुरू कराया।
इस दौरान कुछ किसानों को डीएपी मिल सकी, कई को खाली हाथ लौटना पड़ा। तहसीलदार ने बताया कि गोदाम में मौजूद डीएपी को उसी हिसाब से वितरण कराने के निर्देश दिये गए, जिससे कोई भी किसान वंचित न रहे।