क्षेत्र के गुरुसिकरन गांव में बुधवार रात एक किसान की खेतों में लगे बिजली के तारों की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक के बेटे ने दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
गुरुसिकरन गांव निवासी पुनीत ने बताया कि उसके पिता राधेश्याम (47) पुत्र लखपति सिंह बुधवार रात खेतों पर फसल की जंगली जानवरों से रखवाली करने गए थे। कुछ देर बाद उनकी चीखें आने लगीं, जिसे सुनकर गांव के रामप्रकाश सिंह ने मौके पर जाकर देखा तो उसके पिता बिजली के तारों पर गिरे हुए थे।
पुनीत ने बताया कि गांव के ही प्रदीप पुत्र गजेंद्र सिंह और हरपाल सिंह पुत्र ओमप्रकाश सिंह ने अपने खेतों पर बिजली का करंट लगा रखा है, जिसका संचालन हरपाल सिंह के घर से होता है। उसने दोनों के खिलाफ थाने में तहरीर दी। तहरीर पर पुलिस ने प्रदीप और हरपाल सिंह के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है।