शिकायतों का समय से निस्तारण न करने एवं गलत जानकारी देने पर क्षेत्रीय प्रदूषण अधिकारी जेपी सिंह फंस गए। उद्योग बंधु की बैठक में निवेश मित्र पोर्टल की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने मौके पर ही उन्हें आईजीआरएस पोर्टल खोलकर दिखाने के लिए कहा तो वह उसे भी नहीं खोल पाए। इस पर जिलाधिकारी ने उन्हें कड़ी फटकार लगाई। इसके अलावा, पिछली बैठक में अनुपस्थित रहने एवं आईजीआरएस पर प्राप्त संदर्भों का समय से निस्तारण न करने पर बाट-माप अधिकारी मनोज कुमार को भी डांट लगाई। अधिकारियों को हिदायत दी कि वे सौंपे गए दायित्वों का पूर्ण निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ निर्वहन करें।
कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को हुई उद्योग एवं व्यापार बंधु की बैठक में बैंक व बिजली संबंधी समस्याएं छाई रहीं। जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे उद्यमियों एवं व्यापारियों की समस्याओं का समय से समाधान कराएं अन्यथा लापरवाही पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। समीक्षा में पाया गया कि 13 मामले समयावधि के बाद भी लंबित है। सर्वाधिक आठ मामले आवास विभाग के थे। छेरत इंडस्ट्रियल एरिया में सड़क निर्माण एवं मरम्मत के लिए पीडब्ल्यूडी के जेई को निर्देशित किया कि चार दिन में कार्य पूर्ण कराएं। आवासीय कॉलोनी में लटकते तारों एवं ट्रांसफर में फॉल्ट की समस्या के समाधान के निर्देश दिए।
बैठक में व्यापारियों ने चेक से भुगतान में देरी, ताला नगरी में लगे सीसीटीवी कैमरों का सही ढंग से काम न करने आदि समस्याएं उठाई गईं। बैठक में उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उत्तर प्रदेश के जिलाध्यक्ष इंजी. रत्नाकर आर्य ने छह किलो वजनी पीतल का ताला डीएम को भेंट किया। इस मौके पर उपायुक्त उद्योग वीरेंद्र सिंह, सीएमओ डॉ. नीरज त्यागी, उद्यमी पंडित नेकराम शर्मा, मो. इब्राहिम, चंद्रशेखर शर्मा, लल्लू सिंह, कमल गुप्ता आदि मौजूद रहे।