नोएडा में पुलिस हिरासत में जान गंवाने वाले युवक के परिजनों ने पुलिस पर हत्या करने का आरोप लगाया है। योगेश खैर कोतवाली क्षेत्र के गांव राजपुर के मजरा अमरगढ़ी निवासी तेजवीर का पुत्र था। योगेश के भाई मनोज ने बताया कि योगेश एवं सिल्टू एक बेकरी कंपनी में पिछले चार वर्ष से कार्य करते थे। तीसरा भाई जितेंद्र भी एक अन्य कंपनी में कार्य करता है।
योगेश को पुलिस ने किसी मामले की पूछताछ के लिए चिपियाना बुजुर्ग पुलिस चौकी बुलाया था। इसकी सूचना खुद योगेश ने अपने भाई जितेंद्र को फोन पर दी थी। आरोप है कि जितेंद्र चौकी पर पहुंचा तो पुलिस ने उसे योगेश से मिलने नहीं दिया और पैसों की मांग की। परिजनों ने पुलिस पर पीट-पीटकर याेगेश की हत्या करने का आरोप लगाया है। योगेश चार भाई व दो बहनों में सबसे छोटा था।
घटना के बाद से उसकी मां राजबाला का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता तेजवीर सिंह साधारण किसान है। तीन भाई नोएडा नौकरी करते हैं और एक भाई पिता के साथ कृषि कार्य में हाथ बंटाता है। 16 मई की देर रात तक मृतक के घर पर ग्रामीणों की भीड़ लगी रही। देर रात तक शव गांव में नहीं पहुंचा था, शुक्रवार को शव पहुंचने की संभावना है।