ब्लॉक हसायन की ग्राम पंचायत सिंचावली सानी के ग्राम पंचायत अधिकारी ईश्वर चंद ने सीआरएस पोर्टल की आईडी प्राप्त होने के बाद उसे खोला तो पाया कि इस आईडी पर 814 जन्म प्रमाणपत्र जारी हुए हैं। अमर उजाला ने इसका खुलासा किया। इसके बाद जिले की अन्य ग्राम पंचायतों की आईडी की जांच की गई तो ब्लॉक सादाबाद की ग्राम पंचायत बीजलपुर, रहपुरा और गांव पट्टी बहराम से भी जन्म प्रमाणपत्र जारी होने की बात सामने आई। जिले से छह प्रांतों व करीब 47 जिलों के 2199 जन्म प्रमाणपत्र जारी हुए हैं। ग्राम पंचायत अधिकारी ईश्वर चंद ने कोतवाली हसायन में मुकदमा दर्ज कराया था। मामले की जांच शासन स्तर से भी तलब की गई। डीएम ने इस मामले में स्वास्थ्य विभाग को प्रथम दृष्टया दोषी मानते हुए तीन सदस्यीय टीम की जांच रिपोर्ट शासन को भेजी।
आईडी जनरेट के दौरान पासवर्ड होते थे हल्के
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि सीआरएस पोर्टल पर आईडी बनाए जाने के दौरान पासवर्ड हल्के बनाए जाते हैं, जो कि आसानी से हैक कर लिए जाते हैं। पासवर्ड को हैक करने के बाद यह आईडी अपने ई मेल दर्ज कर ली जाती है। इसके बाद आईडी संचालन के दौरान आसानी से ईमेल पर पासवर्ड प्राप्त हो जाते हैं। आईडी से धड़ल्ले से जन्म प्रमाणपत्र जारी होते रहते हैं। इस युवक ने फर्जी जन्म प्रमाणपत्र जारी करने के लिए गिरोह बना रखा है।
फर्जी तौर पर जन्म प्रमाणपत्र जारी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। कुछ नाम अन्य भी संज्ञान में आए हैं। जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।-श्यामवीर सिंह, सीओ सिकंदराराऊ।